सुवेंदु अधिकारी हिंसा के बीच नंदीग्राम पहुंच किया बड़ा ऐलान
प्रफुल्ल शर्मा (ग्रेटर नोएडा)
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में भाजपा ने ऐतिहासिक जीत दर्ज की है। चुनावों में मिली बंपर जीत के बाद सुवेंदु अधिकारी ने नंदीग्राम स्थित हनुमान मंदिर में दर्शन किए। इस दौरान उन्होंने एक बड़ा ऐलान भी किया। नंदीग्राम और भवानीपुर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा के विजयी उम्मीदवार सुवेंदु अधिकारी ने आज, 6 मई 2026 को हनुमान मंदिर में पूजा-अर्चना की। उन्होंने बताया कि राजनीतिक करियर में लगातार मिल रही विजय के लिए उन्होंने भगवान का शुक्रिया अदा किया। साथ ही भविष्य के लिए उनका आशीर्वाद मांगा।
सुवेंदु अधिकारी ने कहा कि यहां की जनता ने मुझे दो बार सांसद और तीन बार विधायक बनाया। पिछली बार मुख्यमंत्री को हराया, मैं यहां बजरंगबली का आशीर्वाद लेने आया था। हमारे कार्यकर्ताओं ने दिन रात मेहनत की है उनपर 500 से ज्यादा फर्जी FIR हुई है। 400 भाजपा कार्यकर्ता जेल में रहे, उनपर इतना अत्याचार किया गया। गुंडों, भ्रष्टाचारियों के खिलाफ जो कार्रवाई करनी होगी वह भाजपा सरकार करेगी।
इस दौरान उन्होंने ऐलान करते हुए कहा कि आने वाले 2-3 दिन विजय जुलूस नहीं निकाला जाएगा। लेकिन सरकार बनने के बाद पुलिस की अनुमति लेकर हम धन्यवाद समारोह करेंगे।गौरतलब है कि विधानसभा चुनाव के नतीजों के बाद से राज्य में हिंसा का भयंकर दौर शुरू हो गया है। कई इलाकों में आगजनी, भारी तोड़फोड़ और हत्या की खबरें आ रही हैं। गुस्साई भीड़ ने न सिर्फ लेनिन की मूर्ति तोड़ी, बल्कि टीएमसी के एक दफ्तर पर कब्जा भी जमाया। इतना ही नहीं, राज्य के कई हिस्सों में अलग-अलग दलों के कार्यकर्ता भी आपस में बुरी तरह भिड़ गए। ऐसे में वहां तनाव और दहशत का माहौल बना हुआ है। चुनाव आयोग ने बढ़ती हिंसा को गंभीरता से लेते हुए सख्त कार्रवाई के आदेश दे दिए हैं।
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के नतीजों के महज एक दिन बाद ही राजधानी कोलकाता के हॉग मार्केट (न्यू मार्केट) के पास जमकर बवाल हुआ है। बताया जा रहा है कि मंगलवार रात यहां खूब तोड़फोड़ हुई। आरोप है कि भीड़ ने बुलडोजर लाकर टीएमसी के दफ्तर को पूरी तरह से तहस-नहस कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पुलिसकर्मी पहुंचे और इलाके की गश्त बढ़ाई। तृणमूल कांग्रेस, महुआ मोईत्रा समेत कई टीएमसी नेताओं ने इस घटना से जुड़ी वीडियो शेयर करते हुए बुलडोजर एक्शन का आरोप भाजपा पर मढ़ा। तृणमूल कांग्रेस ने आरोप लगाया कि चुनाव से पहले भरोसा देने वाली भारतीय जनता पार्टी अब प्रदेश में बुलडोजर और गुंडागर्दी की राजनीति पर उतर आई है।
