नोएडा में चार शातिर गिरफ्तार, दो पिस्टल-दो तमंचे और नौ कारतूस बरामद
सचिन रॉय, आईआईएमटी न्यूज। ग्रेटर नोएडा की इकोटेक-3 कोतवाली पुलिस ने अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो अवैध पिस्टल, दो तमंचे, नौ जिंदा कारतूस और बिना नंबर प्लेट की एक फॉर्च्यूनर कार बरामद की है। गिरफ्तार आरोपियों में एक हिस्ट्रीशीटर बदमाश भी शामिल है, जिसके खिलाफ पहले से कई संगीन आपराधिक मामले दर्ज हैं।
एडीसीपी सेंट्रल नोएडा स्वतंत्र सिंह ने बताया कि पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ संदिग्ध युवक अवैध हथियारों के साथ क्षेत्र में मौजूद हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने सादुल्लापुर सर्विस रोड स्थित खेड़ी गोल चक्कर के पास घेराबंदी की और चारों आरोपियों को दबोच लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राहुल यादव निवासी होशियारपुर, यश नागर निवासी सादुल्लापुर, अभिषेक उर्फ अन्नू निवासी मिल्क लच्छी और जोगेंद्र उर्फ हैप्पी निवासी जलालपुर के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान राहुल यादव के पास से एक अवैध पिस्टल और तीन कारतूस बरामद किए गए। वहीं यश नागर के कब्जे से एक अवैध पिस्टल और दो कारतूस मिले। अभिषेक उर्फ अन्नू के पास से एक तमंचा और दो कारतूस तथा जोगेंद्र उर्फ हैप्पी के पास से एक तमंचा और दो कारतूस बरामद हुए।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक बिना नंबर प्लेट की फॉर्च्यूनर कार भी जब्त की है। वाहन के संबंध में भी जांच की जा रही है कि उसका उपयोग किसी आपराधिक गतिविधि में किया गया था या नहीं।
जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी यश नागर थाना इकोटेक-3 क्षेत्र का हिस्ट्रीशीटर है। उसके खिलाफ हत्या के प्रयास, मारपीट, बलवा, आर्म्स एक्ट और गैंगस्टर एक्ट सहित करीब दस गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। उसके खिलाफ बिसरख, इकोटेक-3, सेक्टर-39 और कासना थानों में कई मामले दर्ज बताए गए हैं।
पुलिस के अनुसार अन्य आरोपियों का भी आपराधिक इतिहास रहा है। अभिषेक उर्फ अन्नू के खिलाफ आर्म्स एक्ट समेत कई मामले दर्ज हैं। राहुल यादव पर भी मारपीट, अपहरण, बलवा और आर्म्स एक्ट के मुकदमे दर्ज हैं। जोगेंद्र उर्फ हैप्पी का नाम भी पूर्व में दर्ज आपराधिक मामलों में सामने आ चुका है।
पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। अब बरामद हथियारों के स्रोत, सप्लाई नेटवर्क और इनके संभावित आपराधिक इस्तेमाल की जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपी किसी बड़ी वारदात की योजना तो नहीं बना रहे थे।
अधिकारियों का कहना है कि जिले में अवैध हथियार रखने वालों और अपराधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत मुखबिर की सटीक सूचना पर यह सफलता मिली है। पुलिस अब आरोपियों के अन्य साथियों और उनके आपराधिक नेटवर्क की भी पड़ताल कर रही है।
