यूपी के पूर्व सीएम कल्य़ाण सिंह का लखनऊ में निधन, पीएम समेत कई दिग्गजों ने दी श्रद्धांजलि

उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और राजस्थान के पूर्व राज्यपाल कल्याण सिंह का लखनऊ के एसपीजीआई में शनिवार देर रात को 89 वर्ष की आयु में निधन हो गया। वे काफी लंबे वक्त से बीमार चल रहे थे। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेताओं में से एक कल्याण सिंह के अक्समात निधन पर प्रधानमंत्री मोदी ने दुख जताया है। उन्होंने कहा, कल्याण सिंह जी के निधन से मैं दुखी हूं। वे राजनेता, ज़मीनी स्तर के नेता और महान इंसान थे। उत्तर प्रदेश के विकास में उनका अमिट योगदान है। इसके लावा पीएम ने पूर्व सीएम के पुत्र राजवीर सिंह से फोन पर बात की और उन्हें इस संकट की घड़ी में धैर्य धारण करने की सलाह दी। पीएम के अलावा केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी पूर्व सीएम के निधन पर शोक जाहिर करते हुए कहा कि कल्याण सिंह जी के निधन से मैंने अपना बड़ा भाई और साथी खोया है। उनके निधन से आई रिक्तता की भरपाई लगभग असम्भव है। ईश्वर उनके शोक संतप्त परिवार को दुःख की इस कठिन घड़ी में धैर्य और संबल प्रदान करे। वहीं, यूपी के पूर्व सीएम और समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी कल्याण सिंह की मौत पर दुख जाहिर करते हुए ट्वीट किया है। उन्होंने लिखा, उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री, राजस्थान के पूर्व राज्यपाल श्री कल्याण सिंह जी का निधन हृदय विदारक! दिवंगत आत्मा को शांति एवं शोक संतप्त परिवार को दुख सहने की शक्ति दे भगवान। विनम्र श्रद्धांजलि!
बता दें, पूर्व सीएम कल्याण सिंह की तबीयत बीते एक महीने से खराब थी। इसलिए उन्हें लखनऊ स्थित संजय गांधी पोस्टग्रेजुएट इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (एसपीजीआई) में भर्ती कराया गया था। जहां डॉक्टरों की देखरेख में उनका इलाज चल रहा था। इस दौरान उनकी हालत काफी खराब हो रही थी जिसके चलते उन्हें वेंटिलेटर सपोर्ट पर भी रखना पड़ा था। डॉक्टरों द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक, मल्टीपल ऑर्गन फेल्यूर की वजह से पूर्व सीएम का निधन हो गया।
भाजपा के पुरोधा और यूपी के पूर्व सीएम के हालचाल जानने के लिए हाल ही मेंम सीएम योगी ने भी एसपीजीआई का दौरा किया था। यहां उन्होंने कल्याण सिंह से मुलाकात कर उनका हाल जाना था। पूर्व सीएम की मृत्यु पर सीएम योगी ने समाचार चैनलों से बात करते हुए बताय़ा कि कल्याण सिंह राम मंदिर आंदोलन के बड़े नेता थे। उनका जाना न सिर्फ समाज का बल्कि बीजेपी परिवार के लिए भी अपूरणीय क्षति है। परिवार के सदस्यों से बातचीत हुई है। इसके अलावा उन्होंने पूर्व सीएम के निधन पर यूपी में तीन दिनों के राजकीय शोक की भी घोषणा की है।
गौरतलब है, कल्याण सिंह ने राम मंदिर आंदोलन में खासी भूमिका निभाई थी, जिसके एवज में उन्हें सीएम पद को भी त्य़ागना पड़ गय़ा था। 6 दिसंबर 1992 की वो तारीख जिस दिन कार्यसेवकों की भींड़ ने बाबरी ढ़ांचा ध्वस्त कर दिया था। इस वक्त यूपी में कल्याण सिंह के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी की सरकार थी।

About Post Author