हापुड़ में तेज रफ्तार कार नाले में गिरी, चालक ने कूदकर बचाई जान
मीनाक्षी जागलान, आईआईएमटी न्यूज उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले के पिलखुवा कोतवाली क्षेत्र में तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे नाले में जा गिरी। हादसा परतापुर से शामली की ओर जाने वाले मार्ग पर हुआ। गनीमत रही कि कार चालक ने समय रहते कूदकर अपनी जान बचा ली। हादसे में चालक को गंभीर चोट नहीं आई। परतापुर निवासी गौरव कार से पिलखुवा से अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान परतापुर-शामली मार्ग पर अचानक कार बेकाबू हो गई और नाले में जा गिरी। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। कार नाले में गिरने से आसपास के लोगों में हलचल मच गई। घटना के बाद कार को नाले से बाहर निकालने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी। बाद में ट्रैक्टर की मदद से कार को बाहर निकाला गया। हादसे में चालक के गंभीर रूप से घायल नहीं होने से राहत रही। इस मामले में सीओ मुनीश चंद्र ने वाहन चालकों से सावधानी बरतने की अपील की। उन्होंने कहा कि वाहन चलाते समय गति पर नियंत्रण रखना जरूरी है। तेज रफ्तार और लापरवाही सड़क हादसों की वजह बन सकती है। ऐसे में चालकों को सड़क पर चलते समय सतर्क रहना चाहिए।
