दिल्ली मेट्रो में सीट को लेकर हत्या,पूर्व आईएएस पिता और वकील बेटा गिरफ्तार
मीनाक्षी जागलान आईआईएमटी न्यूज देश की राजधानी दिल्ली में सुप्रीम कोर्ट मेट्रो स्टेशन पर वरिष्ठ नागरिकों के लिए आरक्षित सीट पर बैठने को लेकर हुए विवाद के बाद हाथापाई में 48 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। पुलिस ने मामले में नोएडा निवासी पिता और बेटे दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों को अदालत ने 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।पिता सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी हैं वह पहले भी भ्रष्टाचार मामले में गिरफ्तार हो चुके हैं। वहीं, बेटा सुप्रीम कोर्ट में वकील हैं। घटना आठ अक्तूबर को शाम करीब 5:47 बजे प्लेटफॉर्म नंबर एक पर हुई। मृतक अपनी मां के साथ यमुना विहार जा रहा था।मंडी हाउस स्टेशन पर आरोपी ट्रेन में चढ़े। उस समय मृतक और उनकी मां वरिष्ठ नागरिकों के लिए आरक्षित सीटों पर बैठे थे। इसी बात पर विवाद हुआ, जो हाथापाई में बदल गया। मृतक ट्रेन के फर्श पर गिर पड़े और उनके सिर में गंभीर चोट लगी। जिससे उनकी मौत हो गई।बहस के दौरान मृतक को आरोपियों ने थप्पड़ मारा और धक्का दिया, जिससे वे गिर गए और उनके सिर में चोट लग गई। एफआईआर में कहा गया है कि मेट्रो कर्मचारी उन्हें एम्बुलेंस से लोक नायक जय प्रकाश अस्पताल ले गए, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।
