श्रीकांत त्यागी के घर में अवैध निर्माण पर चला बुलडोजर, पुलिस की गिरफ्तार से अभी भी दूर आरोपी

अवैध निर्माण पर चल बुलडोजर

अवैध निर्माण पर चल बुलडोजर

अंकित कुमार तिवारी। नोएडा की ओमेक्स सोसाइटी में महिला के साथ हुई अभद्रता के मामले में अब पुलिस के साथ साथ नोएडा अथॉरिटी ने भी मुख्य अभियुक्त श्रीकांत त्यागी के खिलाफ कार्रवाई शुरू की। आज सुबह नोएडा अथॉरिटी की टीम सेक्टर 93 में ग्रैंड ओमेक्स सोसाइटी पहुंची और श्रीकांत त्यागी के आवास में हुए अवैध निर्माण पर कार्रवाई शुरू कर दी। इस दौरान अथॉरिटी के अधिकारियों ने कॉमन क्षेत्र और पार्किंग में किए गए अवैध निर्माण पर फावड़ा और हथौड़ा चलवाया। इसी के साथ बुल्डोजर भी सोसाइटी के अंदर पहुंच गया।
दूसरी तरफ श्रीकांत त्यागी की गिरफ्तारी को लेकर अभी तक नोएडा पुलिस के हाथ खाली हैं। पुलिस उसकी तलाश में जगह-जगह छापेमारी कर रही है। जानकारी के मुताबिक आरोपी नेता श्रीकांत की आखिरी लोकेशन उत्तराखंड के ऋषिकेश में मिली है। कई बार उसका मोबाइल बंद और चालू हुआ। नोएडा पुलिस की कई टीम उत्तराखंड में श्रीकांत त्यागी की तलाश में जुटी हैं।
मामला लखनऊ तक पहुंचने के बाद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। लापरवाही बरतने के आरोप में थाना फेज 2 के प्रभारी सुजीत उपाध्याय को निलंबित कर दिया गया है। नोएडा के पुलिस आयुक्त आलोक सिंह ने कहा है कि सुजीत उपाध्याय ने इस मामले में ठीक से काम नहीं किया। इससे पहले पुलिस ने उन सात लोगों को भी गिरफ्तार कर लिया है जो कि मुख्यआरोपी श्रीकांत के साथ ओमेक्स सोसायटी में घुसे थे।
दूसरी तरफ सूबे के डीप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने कहा कि सीएम ने पूरे मामले का संज्ञान लिया है, हम आरोपी को छोड़ेंगे नहीं। कानून तोड़ने वालों पर कड़ी कार्रवाई होगी।

आपको बता दें कि ग्रैंड ओमेक्स सोसाइटी में रहने वाले श्रीकांत त्यागी का शुक्रवार को कुछ पौधे लगाने को लेकर महिलाओं से विवाद हो गया था। महिलाओं ने श्रीकांत त्यागी पर पौधे लगाकर जमीन कब्जाने का आरोप लगाया। श्रीकांत ने एक महिला से अभद्रता करते हुए गंदी-गंदी गालियां देकर धमकाया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद आरोपी नेता के खिलाफ पुलिस ने छेड़छाड़ का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सोसाइटी की महिलाओं का आरोप है कि श्रीकांत ने सत्ता की हनक दिखाते हुए पौधे लगाकर एक स्थान पर कब्जा करने का प्रयास किया। जब महिलाओं ने उन्हें रोका तो उन्होंने एक महिला से अभद्रता की और जमकर गालियां दीं। पति के बीचबचाव करने पर उन्हें भी धमकी दी गई। इसके बाद सोसाइटी की अन्य महिलाओं ने विरोध जताना शुरू कर दिया।
वहीं महिला के साथ हुए अभ्रद्रता को लेकर दिल्ली की महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल ने भी नाराजगी जताई है। साथ ही पुलिस से मांग की है कि नोएडा पुलिस संख्त कार्रवाई करे।

About Post Author