‘बिनाका गीत माला’ से लाखों दिलों पर राज करने वाले अमीन सयानी का निधन

Rajtilak Sharma
अपनी जादुई आवाज से देश के लाखों दिलों पर राज करने वाले अमीन सयानी का 91 साल की उम्र में निधन हो गया। उनके निधन की खबर से देश के श्रोताओं में शोक की लहर फैल गई है। रेडियो की आवाज के जादूगर कहे जाने वाले सयानी के निधन की खबर उनके बेटे रजिल ने दी।उन्होंने बताया कि शाम के करीब सात बजे एचएन रिलायंस हॉस्पिटल में दिल का दौरा पड़ने से उनका निधन हो गया।
नमस्कार भाईयों और बहनों से करते थे प्रोग्राम की शुरूआतः
एक जमाने में रेडियो पर प्रसारित होने वाले कार्यक्रम बिनाका गीत माला ने धूम मचा दी थी वो देश के सबसे नामी रेडियो प्रेजेंटर थे। अमीन सयानी ने 1952 में रेडियो सीलोन के साथ अपना करियर शुरू किया था। अमीन सयानी का रूतबा इतना बड़ा था कि बड़े से बड़े स्टार उनका सम्मान में कोई कमी नहीं छोड़ते थे। 21 दिसंबर 1932 में मुंबई में जन्मे अमीन सयानी के गीतमाला कार्यक्रम जैसी प्रस्तुति किसी और रेडियो कार्यक्रम की नहीं थी। उनका अंदाज एकदम सबसे निराला था। गीतों को माला में पिरोने का उनका तरीका कुछ और था। उस दौर के तमाम गायकों, गीतकारों, संगीतकारों से साक्षात्कार लेने का उनका अंदाज भी श्रोताओं को बेहद पसंद आता था।