यूपी में आज से प्री-मानसून बारिश की दस्तक, 35 जिलों में अलर्ट; आंधी-तूफान से 3 की मौत
रामशंकर, आईआईएमटी न्यूज, लखनऊ। उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी और लू के बीच मौसम ने करवट लेनी शुरू कर दी है। बुधवार तड़के नोएडा, गाजियाबाद और संभल में तेज हवाओं के साथ बारिश हुई, जिससे लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिली। मौसम विभाग ने प्रदेश के 35 जिलों में आंधी, बारिश, ओलावृष्टि और बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया है, जबकि 17 जिलों में हीटवेव की चेतावनी दी गई है।
भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार 11 जून से नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने जा रहा है, जिसके प्रभाव से प्री-मानसून गतिविधियां तेज होंगी। अगले पांच दिनों तक प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि 15 से 16 जून तक बारिश और आंधी का सिलसिला जारी रहेगा तथा मानसून 20 जून के आसपास उत्तर प्रदेश में प्रवेश कर सकता है।
मंगलवार को आए तेज आंधी-तूफान ने प्रदेश के कई जिलों में भारी नुकसान पहुंचाया। चित्रकूट में लगभग 4.5 करोड़ रुपये की लागत से बने श्यामा प्रसाद मुखर्जी ऑडिटोरियम की छत तेज हवा में उड़ गई। इटावा में करीब 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली आंधी में एक टिनशेड उड़कर महिला पर गिर गया, जिससे उसकी मौत हो गई। वहीं एक बुजुर्ग व्यक्ति पेड़ के नीचे दब गया और उसकी भी जान चली गई।
सीतापुर में लखनऊ बॉर्डर के पास हाईवे पर एक बड़ा पेड़ उखड़कर सड़क पर गिर गया। पेड़ के नीचे दबने से एक सफाईकर्मी की मौत हो गई। फिरोजाबाद में निर्माणाधीन मकान का लोहे का गेट गिरने से एक व्यक्ति की जान चली गई, जबकि उसकी पत्नी और बेटी गंभीर रूप से घायल हो गए। प्रशासन ने प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया है।
इस बीच वाराणसी में भीषण गर्मी और लू को देखते हुए काशी विश्वनाथ धाम में श्रद्धालुओं के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। मंदिर प्रशासन ने वाटर कूलर, गीली जूट मैट, जर्मन हैंगर और पेयजल की अतिरिक्त व्यवस्था की है। मंदिर के मुख्य कार्यपालक अधिकारी विश्व भूषण मिश्रा ने बताया कि श्रद्धालुओं को गर्मी से बचाने के लिए आधुनिक तकनीकों का भी उपयोग किया जा रहा है। साथ ही धाम परिसर में अस्थायी अस्पताल भी संचालित किया जा रहा है।
मौसम वैज्ञानिक अतुल सिंह ने बताया कि प्रदेश में फिलहाल मौसम में उतार-चढ़ाव बना रहेगा। कहीं लू चलेगी तो कहीं आंधी और बारिश देखने को मिलेगी। 12 जून से पूरे प्रदेश में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं, जिससे तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आने की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार 11 जून को पूर्वी उत्तर प्रदेश में बारिश की शुरुआत हो सकती है, जबकि 12 जून से पूरे प्रदेश में गरज-चमक के साथ वर्षा होने के आसार हैं। 13 और 14 जून को रिमझिम बारिश तथा ठंडी हवाएं लोगों को राहत देंगी। वहीं 15 जून को कई जिलों में तेज हवाओं के साथ जोरदार बारिश की संभावना जताई गई है।
प्
