साहिबाबाद की फर्नीचर फैक्टरी में भीषण आग, लपटें देख घरों से बाहर निकले लोग

रामशंकर, आईआईएमटी न्यूज। गाजियाबाद। लिंक रोड थाना क्षेत्र के साहिबाबाद गांव में स्थित एक फर्नीचर फैक्टरी में बुधवार सुबह अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और फैक्टरी से उठती ऊंची लपटें दूर-दूर तक दिखाई देने लगीं। घटना से आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग की भयावहता को देखते हुए आसपास की फैक्ट्रियों और मकानों में रहने वाले लोग घरों से बाहर निकल आए और सुरक्षित स्थानों पर पहुंच गए।

सूचना मिलते ही दमकल विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। मुख्य अग्निशमन अधिकारी (सीएफओ) राहुल पाल ने बताया कि आग पर काबू पाने के लिए 10 से अधिक वाटर टेंडरों को लगाया गया। करीब ढाई घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद दमकल कर्मियों ने आग को नियंत्रित कर लिया। आग बुझाने के बाद भी फैक्टरी परिसर में कूलिंग का कार्य जारी है ताकि दोबारा आग न भड़क सके।

प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। हालांकि फैक्टरी के संचालन और उससे संबंधित अन्य जानकारियां जुटाई जा रही हैं। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन फैक्टरी में रखा सामान जलकर खाक हो गया। पुलिस और दमकल विभाग मामले की विस्तृत जांच में जुटे हैं।

About Post Author