दिल्ली के फाइव स्टार होटल की पार्किंग में नागालैंड की युवती से बदसलूकी
मीनाक्षी जागलान आईआईएमटी न्यूज चाणक्यपुरी इलाके के एक फाइव स्टार होटल में नागालैंड की एक युवती से तीन लोगों ने बदसलूकी की और उसे जबरन अपनी मर्सिडीज कार में खींचने की कोशिश की। आरोप है कि युवती के आरएमएल के डॉक्टर दोस्त आयुष व दो अन्य ने जब इसका विरोध किया तो आरोपियों ने उन पर हॉकी स्टिक और लोहे की रॉड से हमला कर दिया। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। घटना रविवार सुबह करीब साढ़े तीन बजे होटल की पार्किंग में हुई। शिकायत के अनुसार, नागालैंड की रहने वाली युवती अपने डॉक्टर दोस्त के साथ होटल गई थी। साथ में डॉक्टर के दो दोस्त और थे। वे जब शौचालय से लौट रहे थे, तभी सफेद रंग की मर्सिडीज कार में सवार तीन आरोपियों ने उनका रास्ता रोका और युवती को जबरन कार में खींचने की कोशिश की।युवती के दोस्तों ने उसे बचाने की कोशिश की तो आरोपियों ने उनके साथ मारपीट की। अधिकारियों ने बताया कि शिकायतकर्ता ने कार का नंबर भी नोट कर लिया था।पुलिस ने बताया कि तीनों आरोपियों के खिलाफ चाणक्यपुरी थाने में मामला दर्ज किया गया। युवती को आरएमएल अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी चिकित्सकीय जांच की गई। पुलिस ने कहा कि युवती की शिकायत और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज किया गया।
