Neet पेपर लीक पर बिहार में बवाल! पुलिस ने किया लाठी चार्ज
मीनाक्षी आईआईएमटी न्यूज NEET पेपर लीक मामले को लेकर कटिहार में छात्रों का प्रदर्शन हिंसक हो गया। समाहरणालय का घेराव करने पहुंचे प्रदर्शनकारियों ने मुख्य गेट तोड़ने की कोशिश की। पुलिस से धक्का-मुक्की के बाद लाठीचार्ज करना पड़ा। इसके बाद कुछ प्रदर्शनकारियों ने पथराव किया। अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती के बाद हालात पर काबू पाया गया।NEET पेपर लीक मामले को लेकर बिहार के कटिहार में गुरुवार को छात्रों का आक्रोश सड़कों पर फूट पड़ा। सैकड़ों छात्र समाहरणालय पहुंच गए और केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शन के दौरान स्थिति उस समय तनावपूर्ण हो गई, जब प्रदर्शनकारी छात्रों ने समाहरणालय के मुख्य गेट का घेराव कर उसे तोड़ने का प्रयास किया। इससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई और पुलिस-प्रशासन को हस्तक्षेप करना पड़ा।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, प्रदर्शन कर रहे छात्र NEET पेपर लीक मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे थे। प्रदर्शन के दौरान भीड़ धीरे-धीरे उग्र होती चली गई। आक्रोशित छात्रों ने समाहरणालय के मुख्य प्रवेश द्वार तक पहुंचकर गेट को धक्का देना शुरू कर दिया। कुछ प्रदर्शनकारियों ने गेट तोड़कर परिसर में प्रवेश करने की भी कोशिश की। इस दौरान पुलिसकर्मियों ने उन्हें रोकने का प्रयास किया, जिससे दोनों पक्षों के बीच तनाव बढ़ गया।गेट के पास प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच पहले तीखी नोकझोंक हुई, जो देखते ही देखते धक्का-मुक्की में बदल गई। हालात लगातार बिगड़ते देख पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने और समाहरणालय परिसर की सुरक्षा बनाए रखने के लिए लाठीचार्ज किया। पुलिस कार्रवाई के बाद कुछ देर के लिए भगदड़ जैसी स्थिति बन गई और प्रदर्शनकारी इधर-उधर भागने लगे।
