आत्मनिर्भर भारत की आत्मा आज का युवाः गोविंद नारायण शुक्ल
राजतिलक शर्मा
(ग्रेटर नोएडा) शहर के नॉलेज पार्क -3 स्थित आईआईएमटी कॉलेज समूह में “आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान – युवा सम्मेलन” का भव्य आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में क्षेत्र के सैकड़ों युवा, छात्र-छात्राएँ, सामाजिक कार्यकर्ता एवं पार्टी पदाधिकारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि गोविंद नारायण शुक्ल, विशिष्ट अतिथि विधायक तेजपाल नागर, तथा भारतीय जनता पार्टी ज़िला गौतमबुद्धनगर के अध्यक्ष अभिषेक शर्मा रहे।
इस अवसर पर वक्ताओं ने युवाओं को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के “आत्मनिर्भर भारत” के संकल्प को अपनाने, नवाचार (Innovation) एवं स्वावलंबन की दिशा में कार्य करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में डिजिटल इंडिया, स्टार्टअप इंडिया, स्किल इंडिया जैसे अभियानों के माध्यम से आत्मनिर्भरता की दिशा में युवाओं की भूमिका पर भी चर्चा हुई।
मुख्य अतिथि गोविंद नारायण शुक्ल का संबोधन
“आज का भारत युवाओं की शक्ति पर गर्व करता है। आत्मनिर्भर भारत केवल एक नारा नहीं, बल्कि यह हमारे देश के पुनर्निर्माण का मार्ग है। जब भारत का युवा अपने कौशल, परिश्रम और नवाचार से आगे बढ़ेगा, तभी सशक्त भारत का निर्माण संभव होगा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हमें ‘वोकल फॉर लोकल’ का मंत्र दिया है — इसका अर्थ है कि हम अपने देश के संसाधनों, अपने उत्पादों और अपनी प्रतिभा पर विश्वास करें।
मैं आप सभी युवाओं से आह्वान करता हूँ कि अपने जीवन का लक्ष्य केवल नौकरी तक सीमित न रखें, बल्कि रोजगार देने वाले बनें। भारत का भविष्य आप हैं, और आत्मनिर्भर भारत की आत्मा भी आप ही हैं।”
जिला अध्यक्ष अभिषेक शर्मा का संबोधन
“भारतीय जनता पार्टी सदैव युवाओं के विकास और राष्ट्र निर्माण के कार्य में अग्रणी रही है। आत्मनिर्भर भारत अभियान ने हर युवा को यह संदेश दिया है कि मेहनत और लगन से कोई भी ऊँचाई पाई जा सकती है।
आज देश में स्टार्टअप कल्चर, मेक इन इंडिया और डिजिटल क्रांति के माध्यम से युवा उद्यमिता को नया आयाम मिल रहा है। ग्रेटर नोएडा जैसी जगह, जहाँ शिक्षा और उद्योग का संगम है, वहाँ के युवाओं को देश की प्रगति में नेतृत्व की भूमिका निभानी चाहिए। भारतीय जनता पार्टी युवाओं के हर सपने को साकार करने के लिए प्रतिबद्ध है।”
विधायक तेजपाल नगर का संबोधन “युवा हमारे समाज की सबसे बड़ी ताकत हैं। आत्मनिर्भर भारत का सपना तभी साकार होगा जब हमारे युवा आत्मविश्वास के साथ अपने कौशल को राष्ट्र सेवा में लगाएंगे।
प्रधानमंत्री मोदी जी के नेतृत्व में देश ने विकास, रोजगार, और नवाचार के क्षेत्र में ऐतिहासिक कदम उठाए हैं।
मैं ग्रेटर नोएडा के सभी युवाओं से आग्रह करता हूँ कि वे इस अभियान का हिस्सा बनें, अपने क्षेत्र की प्रगति में योगदान दें और भारत को विश्व गुरु बनाने के इस यज्ञ में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।”
दूसरी तरफ आईआईएमटी कॉलेज समूह के प्रबंध निदेशक डॉ. मयंक अग्रवाल ने कार्यक्रम समापन के दौरान कहा “आज का यह युवा सम्मेलन हमारे विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का एक अद्भुत स्रोत है। आत्मनिर्भर भारत का विचार केवल सरकार की नीति नहीं, बल्कि हर भारतीय नागरिक का व्यक्तिगत संकल्प होना चाहिए।
आईआईएमटी कॉलेज सदैव इस दिशा में कार्यरत रहा है कि हमारे छात्र-छात्राएँ केवल शिक्षा प्राप्त न करें, बल्कि नवाचार, शोध और उद्यमिता की भावना से समाज और राष्ट्र के विकास में सक्रिय भूमिका निभाएँ।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का ‘आत्मनिर्भर भारत’ का आह्वान आज हर युवा के जीवन में दिशा देने वाला मंत्र है। हम सबका दायित्व है कि हम इस संकल्प को अपने जीवन में उतारें और ‘वोकल फॉर लोकल’ की भावना से देश की प्रगति में योगदान दें।
