नोएडा में स्वाइन फ्लू का कहर! एक दिन में 105 नए मरीज, स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप

राजतिलक शर्मा ग्रेटर नोएडा। नोएडा में स्वाइन फ्लू यानी एच1एन1 के मामलों में अचानक तेज उछाल ने स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ा दी है। मंगलवार को जिले में एक ही दिन में 105 नए मामले सामने आए। इसके साथ ही स्वाइन फ्लू के कुल मरीजों की संख्या बढ़कर 120 हो गई है। सोमवार तक जिले में सिर्फ 15 मरीज दर्ज किए गए थे।

24 घंटे में बदली तस्वीर

स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, मंगलवार को सामने आए सभी मामलों की जांच निजी अस्पतालों में हुई है। इतनी कम अवधि में मरीजों की संख्या में हुए बड़े इजाफे के बाद स्वास्थ्य विभाग ने निजी अस्पतालों से मरीजों की रिपोर्ट और जरूरी जानकारी जुटानी शुरू कर दी है।

लक्षण दिखें तो तुरंत डॉक्टर से लें सलाह

स्वास्थ्य अधिकारियों ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। तेज बुखार, खांसी, गले में खराश, शरीर में दर्द और सांस लेने में परेशानी जैसे लक्षण दिखाई देने पर लापरवाही न बरतने और चिकित्सक से परामर्श लेने की सलाह दी गई है।

दिल्ली में भी बढ़ रहे एच1एन1 के मामले

नोएडा के साथ दिल्ली में भी एच1एन1 संक्रमण तेजी से बढ़ रहा है। इस साल दिल्ली में इन्फ्लुएंजा-ए के 2,300 से अधिक मामले सामने आए हैं, जिनमें 1,777 से ज्यादा एच1एन1 संक्रमण शामिल हैं। अकेले गुरुवार को 114 नए एच1एन1 मरीज मिलने की जानकारी सामने आई है।

About Post Author