अमरावती के जिला महिला अस्पताल के एनआईसीयू में धमाका, तीन नवजातों की मौत

राजतिलक शर्मा अमरावती। महाराष्ट्र के अमरावती स्थित जिला महिला अस्पताल में सोमवार तड़के बड़ा हादसा हो गया। अस्पताल की तीसरी मंजिल पर स्थित नवजात शिशु गहन चिकित्सा कक्ष में अचानक धमाके के बाद आग लग गई। हादसे में तीन नवजातों की मौत हो गई, जबकि अस्पताल के डॉक्टरों, नर्सों और कर्मचारियों की सतर्कता से 36 अन्य नवजातों को सुरक्षित बाहर निकाल लाया गया।

वेंटिलेटर में धमाके के बाद भड़की आग

जानकारी के मुताबिक, घटना सोमवार सुबह करीब 3:30 बजे हुई। बताया जा रहा है कि एक वेंटिलेटर में अचानक धमाका हुआ, जिसके बाद आग भड़क उठी। आग लगते ही पूरे वार्ड में धुआं फैल गया और वहां अफरा-तफरी मच गई।हालांकि, आग और धुएं की चपेट में आने से तीन नवजात गंभीर रूप से झुलस गए। इलाज के दौरान तीनों की मौत हो गई।

छह नवजात सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल भेजे गए

बचाए गए बच्चों में से छह नवजातों को सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल भेजा गया है। वहां उन्हें विशेषज्ञ चिकित्सकों की निगरानी में रखा गया है। हादसे में कई मेडिकल उपकरण और अन्य सामान भी जलकर खाक हो गए।दमकल और अस्पताल कर्मचारियों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। राहत की बात यह रही कि आग एनआईसीयू से आगे अस्पताल के अन्य हिस्सों तक नहीं फैल सकी।

About Post Author