उत्तर भारत में भीषण गर्मी , लोग हो रहें हैं परेशान

उत्तर भारत

उत्तर भारत

निधि वर्मा। उत्तर भारत के ज्यादातर राज्यों में दिन के समय तेज धूप जैसे आसमान से आग बरसा रही है। बढ़ते तापमान के साथ लू के थपेड़ों से लोग परेशान हैं। मौसम विभाग ने देश के कई राज्यों में लू की चेतावनी दी है। आईएमडी के मुताबिक, राजस्थान, पंजाब के कुछ हिस्सों, हरियाणा, दिल्ली, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, छत्तीसगढ़ और पश्चिमी मध्य प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में भीषण लू चलने की संभावना है। राजधानी दिल्ली में गर्मी के चलते मौसम विभाग ने ‘येलो’ अलर्ट जारी किया है। दिल्ली के कई जगहों पर हीटवेव कंडीशन और बहुत से इलाकों में सीवियर हीटवेव कंडीशन की भविष्यवाणी की गई है। दिन के समय आज दिल्ली का न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद है, जबकि अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।

पहाड़ी इलाकों की बात की जाये तो मौसम विभाग ने उत्तराखंड में फिर मौसम बदलने की संभावना जताई है। जिसके चलते तापमान में कुछ कमी आ सकती है। उत्तराखंड की राजधानी देहरादून का न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस रहेगा। वहीं हिमाचल प्रदेश के शिमला का न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस रहने वाला है और अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।

दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना चक्रवाती हवाओं का एक क्षेत्र बना हुआ है। उधर, विदर्भ से दक्षिण आंतरिक कर्नाटक तक एक निम्न दबाव की रेखा मराठवाडा और उत्तरी आंतरिक कर्नाटका होकर गुजर रही है। मौसम विभाग के अनुसार 12 अप्रैल की रात तक पश्चिमी हिमालय के पास एक नया पश्चिमी विक्षोभ आने की संभावना है।  इसके असर से उत्तर पश्चिम भारत के कई हिस्सों में अधिकतम तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने की संभावना है।

हिमाचल प्रदेश में शनिवार रात को मंडी, कुल्लू और शिमला जिले के कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि व तेज हवाएं चलने से गर्मी से थोड़ी राहत मिली। इससे फसलों को नुकसान पहुंचा है। रविवार को प्रदेश के अधिकतर स्थानों पर धूप खिली है। मौसम विभाग ने प्रदेश में 12 अप्रैल से बारिश की संभावना जताई है। विभाग के निदेशक सुरेंद्र पाल का कहना है कि बहुत ही मामूली पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से कई स्थानों में आंधी चलने के साथ हल्की बारिश हुई। प्रदेश में ऊना सबसे गर्म रहा, जहां अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

About Post Author