नोएडा में कल से दौड़ेंगी 45 ई-बसें, न्यूनतम किराया 20 और अधिकतम 50 रुपये
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दिखाएंगे हरी झंडी, यूपी का पहला इलेक्ट्रिक बस डिपो भी तैयार
रामशंकर,आईआईएमटी न्यूज, नोएडा। गौतमबुद्ध नगर जिले में 12 जून से सार्वजनिक परिवहन को नई दिशा देने वाली इलेक्ट्रिक बस सेवा शुरू होने जा रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लखनऊ से 45 ई-बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। बसों के संचालन के साथ ही यात्रियों के लिए किराया भी तय कर दिया गया है। न्यूनतम किराया 20 रुपये और अधिकतम किराया 50 रुपये रखा गया है।
तीनों प्राधिकरणों और उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (UPSRTC) के बीच बनी सहमति के अनुसार किराया दूरी के आधार पर निर्धारित किया गया है। 10 किलोमीटर तक की यात्रा के लिए 20 रुपये, 10 से 30 किलोमीटर तक के सफर के लिए 30 रुपये और 30 किलोमीटर से अधिक दूरी के लिए 50 रुपये किराया देना होगा। एसी सुविधा से लैस इन बसों में कम किराए पर आरामदायक यात्रा की सुविधा मिलेगी।
यूपीएसआरटीसी के प्रबंध निदेशक प्रभु एन सिंह ने बताया कि पहले चरण में 45 ई-बसों का संचालन शुरू किया जाएगा। इनमें से 11 बसों को मुख्यमंत्री स्वयं रवाना करेंगे। बसों का संचालन नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना सिटी के विभिन्न रूटों पर किया जाएगा। आवश्यकता और यात्रियों की संख्या के अनुसार भविष्य में बसों की संख्या बढ़ाकर 110 तक की जाएगी।
ई-बस सेवा के साथ नोएडा के सेक्टर-90 में प्रदेश का पहला इलेक्ट्रिक बस डिपो भी तैयार हो गया है। इस डिपो से केवल इलेक्ट्रिक बसों का संचालन किया जाएगा। बसों की चार्जिंग और रखरखाव के लिए आधुनिक बुनियादी ढांचा विकसित किया गया है।
व्यावसायिक संचालन शुरू होने से पहले गुरुवार को विभिन्न रूटों पर बसों का ड्राई रन भी किया गया। इसकी निगरानी यूपीएसआरटीसी मुख्यालय से की गई। अधिकारियों का कहना है कि ई-बस सेवा शुरू होने से प्रदूषण कम होगा और यात्रियों को सस्ती, सुरक्षित एवं आधुनिक परिवहन सुविधा उपलब्ध होगी।
