नोएडा में CUET परीक्षा रद्द, भीषण गर्मी में घंटों इंतजार के बाद भड़के छात्र; NTA के खिलाफ प्रदर्शन

रामशंकर, आईआईएमटी न्यूज। नोएडा। नोएडा के सेक्टर-64 स्थित आदर्श परीक्षा केंद्र में शनिवार को आयोजित कॉमन यूनिवर्सिटी एंट्रेंस टेस्ट (CUET) छात्रों और अभिभावकों के लिए परेशानी का सबब बन गया। तकनीकी खामियों के कारण परीक्षा समय पर शुरू नहीं हो सकी और घंटों इंतजार कराने के बाद अंततः परीक्षा रद्द कर दी गई। इसके बाद नाराज छात्रों ने परीक्षा केंद्र के बाहर प्रदर्शन किया और नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

जानकारी के अनुसार, सुबह नौ बजे निर्धारित परीक्षा के लिए छात्र तय समय से पहले ही परीक्षा केंद्र पहुंच गए थे। कई अभ्यर्थी सुबह छह से सात बजे के बीच केंद्र पर पहुंच गए थे ताकि समय पर प्रवेश प्रक्रिया पूरी कर सकें। हालांकि, लंबी कतारों और जांच प्रक्रिया के बाद परीक्षा कक्ष में पहुंचने वाले छात्रों को वहां भी अव्यवस्थाओं का सामना करना पड़ा।

छात्रों का आरोप है कि परीक्षा शुरू होने का इंतजार करते हुए उन्हें एक से दो घंटे तक कक्षों में बैठाकर रखा गया। इस दौरान कई कमरों में पंखे भी ठीक से काम नहीं कर रहे थे। नौतपा की भीषण गर्मी के बीच छात्रों को असहज परिस्थितियों में इंतजार करना पड़ा। बार-बार तकनीकी समस्या दूर होने की घोषणा की जाती रही, लेकिन परीक्षा शुरू नहीं हो सकी।

प्रदर्शन में शामिल अभिभावक अनुज ने बताया कि उनके भाई की परीक्षा सुबह नौ बजे निर्धारित थी। वह उन्हें सुबह 6:30 बजे परीक्षा केंद्र छोड़कर घर लौट गए थे। जब वह लगभग दस बजे उन्हें लेने पहुंचे तो कोई भी छात्र बाहर नहीं आया था। केंद्र के भीतर से लगातार तकनीकी दिक्कतों की घोषणाएं की जा रही थीं। बाद में छात्रों को बताया गया कि तकनीकी कारणों से परीक्षा आयोजित नहीं की जा सकती और इसे रद्द किया जा रहा है।

परीक्षा रद्द होने की सूचना मिलते ही छात्रों का आक्रोश फूट पड़ा। बड़ी संख्या में छात्र और अभिभावक केंद्र के बाहर एकत्र हो गए और NTA के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि एजेंसी की लापरवाही का खामियाजा छात्रों को भुगतना पड़ रहा है। उनका कहना था कि यदि तकनीकी व्यवस्थाएं पूरी तरह तैयार नहीं थीं तो परीक्षा आयोजित ही नहीं की जानी चाहिए थी।

अभ्यर्थियों ने बताया कि उन्होंने कई महीनों तक कठिन परिश्रम कर इस परीक्षा की तैयारी की थी। 12वीं कक्षा के बाद देश के प्रतिष्ठित विश्वविद्यालयों और उच्च शिक्षण संस्थानों में प्रवेश के लिए आयोजित होने वाली CUET परीक्षा छात्रों के भविष्य से जुड़ी हुई है। ऐसे में परीक्षा रद्द होने से उनके मन में असमंजस और चिंता की स्थिति पैदा हो गई है।

अभिभावकों ने भी परीक्षा प्रबंधन पर सवाल उठाए। उनका कहना है कि छात्रों को घंटों तक गर्मी में बैठाकर रखना और बाद में परीक्षा रद्द कर देना गंभीर प्रशासनिक विफलता को दर्शाता है। उन्होंने मांग की कि इस पूरे मामले की जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।

वहीं, छात्रों ने परीक्षा प्रक्रिया में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने की मांग की है। उनका कहना है कि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए तकनीकी और प्रशासनिक तैयारियों को मजबूत किया जाना चाहिए।

केंद्र के बाहर देर तक विरोध-प्रदर्शन जारी रहा। हालांकि स्थिति को नियंत्रित रखने के लिए स्थानीय प्रशासन और पुलिस की निगरानी बनी रही। फिलहाल छात्र NTA से नई परीक्षा तिथि की घोषणा और परीक्षा व्यवस्था में सुधार की उम्मीद कर रहे हैं।

About Post Author