इरफान पठान दूसरी बार बने पिता

पिता

पिता

भारत के पूर्व ऑलराउंडर इरफान पठान दूसरी बार पिता बने है। उन्होंने अस्पताल से एक तस्वीर शेयर कर अपने फैंस को बहुत अच्छी खबर दी है। वहीं इरफान ने मंगलवार को अपने दूसरे बेटे के साथ फोटो साझा की और बताया कि इसका नाम उन्होंने सुलेमान खान रखा है। इसके साथ ही जानकारी दी कि उनका बेटा और पत्नी दोनों ही स्वस्थ हैं। उन्होंने एक ट्वीट में लिखा, ‘सफा और मैं हमारे बच्चे सुलेमान खान का स्वागत करते हैं। बच्चा और मां दोनों पूरी तरह से ठीक और स्वस्थ हैं।’ इरफान का पहले से ही एक बेटा है, जिसका नाम इमरान खान है।


इरफान ने 2016 में मॉडल सफा बेग से निकाह किया था। सफा के पिता सऊदी अरब में बिजनेसमैन हैं। उनकी शादी मक्का में हुई थी। इसमें सिर्फ करीबी दोस्त और रिश्तेदार ही शामिल हो पाए थे। वैसे सफा का परिवार मूल रूप से हैदराबाद का रहने वाला है। लेकिन उनके पिता मिर्जा फारूक बेग बिजनेस के लिए सऊदी अरब चले गए थे। सफा की शुरुआती पढ़ाई जेद्दाह के इंटरनेशनल स्कूल में हुई है।


दरअसल, सफा का जन्म 28 फरवरी 1994 को हुआ था। वो इरफान से उम्र में 10 साल छोटी हैं। इरफान और सफा पहली बार 20 दिसंबर 2016 में माता-पिता बने थे। तब इमरान का जन्म हुआ था। उस समय भी इरफान ने ट्वीट कर अपने पिता बनने की जानकारी दी थी। तब उन्होंने लिखा था, ‘इस एहसास को बयान करना मुश्किल है…इसमें एक बेहतरीन सी कशिश है। हमें बेटा हुआ है।’


गौरतलब है कि इरफान 2007 में टी20 विश्व कप जीतने वाली टीम इंडिया के सदस्य रहे थे। उस टूर्नामेंट में उन्होंने शानदार गेंदबाजी की थी। उन्होंने पाकिस्तान के खिलाफ फाइनल मुकाबले में 16 रन देकर 3 विकेट लिए थे। इसी कारण से उन्हें ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ मिला था। पूरे टूर्नामेंट में उन्होंने 14.90 के औसत से 10 विकेट झटके थे। इरफान ने भारत के लिए 29 टेस्ट, 120 वनडे और 24 टी20 खेले हैं. इसमें उन्होंने कुल 301 विकेट लिए हैं।

About Post Author