आईआईएमटी विश्वविद्यालय ग्रेटर नोएडा कैंपस में अत्याधुनिक न्यूज़ रूम का शुभारंभ, छात्रों को मिलेगा उद्योग जैसा प्रशिक्षण

मीनाक्षी आईआईएमटी न्यूज, ग्रेटर नोएडा। मीडिया शिक्षा को आधुनिक तकनीक से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए आईआईएमटी कॉलेज समूह के पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग में अत्याधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित न्यूज़ रूम का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर कॉलेज समूह के प्रबंध निदेशक डॉ. मयंक अग्रवाल ने नारियल फोड़कर एवं फीता काटकर न्यूज़ रूम का विधिवत उद्घाटन किया। इस नई सुविधा के शुरू होने से पत्रकारिता एवं जनसंचार के विद्यार्थियों को अब वास्तविक न्यूज़ रूम जैसा वातावरण मिलेगा, जहां वे समाचार लेखन, एंकरिंग, डिजिटल पत्रकारिता, वीडियो प्रोडक्शन, न्यूज़ एडिटिंग और लाइव ब्रॉडकास्टिंग जैसी आधुनिक मीडिया तकनीकों का व्यावहारिक प्रशिक्षण प्राप्त कर सकेंगे।

उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए डॉ. मयंक अग्रवाल ने कहा कि वर्तमान समय में मीडिया उद्योग तेजी से बदल रहा है और डिजिटल प्लेटफॉर्म पत्रकारिता की नई पहचान बन चुके हैं। ऐसे में विद्यार्थियों को केवल सैद्धांतिक ज्ञान देना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उन्हें उद्योग की आवश्यकताओं के अनुरूप व्यवहारिक प्रशिक्षण देना भी उतना ही आवश्यक है। उन्होंने कहा कि आईआईएमटी का उद्देश्य विद्यार्थियों को ऐसा शिक्षण वातावरण उपलब्ध कराना है, जहां वे आधुनिक मीडिया तकनीकों का प्रयोग करते हुए अपने कौशल को विकसित कर सकें।

उन्होंने अपने संबोधन में गौतमबुद्ध नगर के दनकौर क्षेत्र में प्रस्तावित फिल्म सिटी का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि फिल्म सिटी के विकसित होने से आने वाले वर्षों में मीडिया, फिल्म निर्माण, डिजिटल कंटेंट, विज्ञापन, एनीमेशन और मनोरंजन उद्योग में हजारों रोजगार के अवसर उपलब्ध होंगे। ऐसे में पत्रकारिता एवं जनसंचार के विद्यार्थियों के लिए यह सुनहरा अवसर होगा कि वे पहले से ही आधुनिक तकनीकों में दक्ष होकर उद्योग की मांग के अनुरूप स्वयं को तैयार करें।

डॉ. अग्रवाल ने कहा कि मीडिया केवल सूचना देने का माध्यम नहीं है, बल्कि समाज में जागरूकता, पारदर्शिता और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने का एक प्रभावी साधन भी है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि वे पत्रकारिता के मूल सिद्धांतों—सत्य, निष्पक्षता और सामाजिक उत्तरदायित्व—को हमेशा प्राथमिकता दें तथा नई तकनीकों का उपयोग समाजहित में करें।

कार्यक्रम में आईआईएमटी विश्वविद्यालय, ग्रेटर नोएडा कैंपस के प्रो-वाइस चांसलर डॉ. पंकज कुमार मिश्रा ने कहा कि नई शिक्षा नीति के अनुरूप उच्च शिक्षा संस्थानों में प्रयोगात्मक शिक्षण को बढ़ावा दिया जा रहा है। आधुनिक न्यूज़ रूम की स्थापना इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जिससे विद्यार्थियों को उद्योग आधारित प्रशिक्षण प्राप्त होगा और उनकी रोजगार क्षमता में वृद्धि होगी।

कॉलेज ऑफ मैनेजमेंट के डिप्टी डायरेक्टर डॉ. अमित राय ने कहा कि आज मीडिया संस्थानों में तकनीकी दक्षता सबसे बड़ी आवश्यकता बन चुकी है। विद्यार्थियों को न्यूज़ प्रोडक्शन, डिजिटल एडिटिंग, मोबाइल जर्नलिज्म और मल्टीमीडिया कंटेंट निर्माण का अनुभव कॉलेज परिसर में ही उपलब्ध कराना समय की मांग है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह न्यूज़ रूम विद्यार्थियों की रचनात्मकता और व्यावसायिक दक्षता को नई दिशा देगा।

इस अवसर पर बीजेएमसी विभाग के डीन प्रो विकास मिश्रा, एचओडी डॉ वैभव उपाध्याय, आईआईएमटी न्यूज हेड डॉ रामशंकर, एसोशिएट प्रोफेसर डॉ निरंजन कुमार, असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ गजेंद्र पाण्डेय, डॉ नीरज सिंह, आकांक्षा सिंह स्टूडियो के सदस्यों सहित विश्वविद्यालय एवं कॉलेज के वरिष्ठ अधिकारियों, फैकल्टी सदस्यों और बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने भाग लिया। सभी ने इस पहल को पत्रकारिता शिक्षा के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए कहा कि इससे आईआईएमटी विश्वविद्यालय मीडिया शिक्षा के क्षेत्र में नई पहचान स्थापित करेगा। विद्यार्थियों ने भी आधुनिक न्यूज़ रूम की शुरुआत पर उत्साह व्यक्त करते हुए कहा कि यह सुविधा उनके व्यावसायिक कौशल को निखारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी और उन्हें भविष्य की चुनौतियों के लिए बेहतर ढंग से तैयार करेगी।

About Post Author