ग्रेटर नोएडा में जेसीबी से खुदाई के दौरान जमीन धंसी, दुकान और दो मंजिला मकान गिरे
रामशंकर आईआईएमटी न्यूज ,ग्रेटर नोएडा के तिलपता गांव में नाले की जेसीबी से खुदाई के दौरान बड़ा हादसा हो गया। खुदाई के चलते जमीन धंसने से एक दुकान और उसके पास बना निर्माणाधीन दो मंजिला मकान अचानक गिर गया। हादसे के दौरान विद्युत लाइन भी क्षतिग्रस्त हो गई, जिससे तेज चिंगारियां उठने लगीं। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी और भगदड़ मच गई। राहत की बात यह रही कि हादसे के समय घरों के आसपास कोई मौजूद नहीं था, जिससे जनहानि टल गई। पूरी घटना आसपास लगे कैमरे में भी कैद हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार तिलपता गांव में नाले की सफाई और चौड़ीकरण के लिए जेसीबी से खुदाई का कार्य चल रहा था। खुदाई के दौरान नाले के किनारे की मिट्टी अचानक धंस गई। देखते ही देखते किनारे पर बनी दुकान और पास का निर्माणाधीन दो मंजिला मकान अपनी नींव खो बैठा और कुछ ही सेकंड में मलबे में तब्दील हो गया। घर गिरने के साथ ही वहां से गुजर रही बिजली की लाइन भी टूट गई। तारों के आपस में टकराने से तेज चिंगारियां उठने लगीं, जिससे आसपास मौजूद लोगों में दहशत फैल गई। लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। स्थानीय लोगों ने तुरंत बिजली विभाग और पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद संबंधित विभागों की टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि हादसा कुछ देर बाद होता, जब दुकान या मकान में लोग मौजूद होते, तो बड़ा जान-माल का नुकसान हो सकता था। लोगों ने नाले की खुदाई के दौरान पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम नहीं किए जाने का आरोप भी लगाया। उनका कहना है कि ज्यादा आबादी वाले क्षेत्र में इस तरह की खुदाई से पहले सुरक्षा घेरा, बैरिकेडिंग और घरों की मजबूती का आकलन किया जाना चाहिए था। सूचना मिलने पर सूरजपुर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और क्षेत्र को सुरक्षित कराया। बिजली आपूर्ति अस्थायी रूप से बंद कराई गई ताकि कोई और हादसा न हो। पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल इस हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन घटना ने निर्माण कार्यों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए है।
