पटना से लेकर दिल्ली-एनसीआर तक छठ पर्व की धूम, घाटों पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

पटना से लेकर दिल्ली-एनसीआर तक छठ पर्व की धूम, घाटों पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

घाटों पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

यूपी में पूर्वांचल के कई जिलों के साथ-साथ दिल्ली-एनसीआर में छठ पर्व धूमधाम से मनाया गया। महिलाओं ने 36 घंटे का उपवास रखकर ढलते सूरज को रविवार की शाम अर्घ्य दिया। छठी मइया की पूजा की। पूजन कार्यक्रम के दौरान महिलाओं ने छठ पूजा के गीत गाए। शनिवार को शाम होते ही यमुना नदी के घाटों पर छठ की अलौलिक छटा बिखर गई। श्रद्धालुओं ने यमुना के घाटों पर विधि-विधान से छठी मैया का पूजन किया। इस दौरान दिल्ली, यूपी में यमुना नदी के घाटों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए। लखनऊ, कानपुर, गोरखपुर, बलिया, देवरिया, बस्ती, वाराणसी, प्रयागराज, आगरा के साथ-साथ दिल्ली-एनसीआर के दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद, मेरठ, गुरुग्राम, फरीदाबाद आदि शहरों में छठ पर्व धूमधाम से मनाया गया। श्रद्धालुओं ने यमुना में डुबकी लगाई। इसके बाद अस्ताचलगामी (डूबते) सूर्य को अर्घ्य दिया गया। इस दौरान छठी मैया की गीत गूंजते रहे। इससे पूर्व छठ पूजा के दूसरे दिन शनिवार को व्रतियों ने छोटी छठ (खरना) का पूजन किया था। खरना के साथ ही 36 घंटे की तपस्या शुरू हो गई थी। चौथे दिन सोमवार की सुबह श्रद्धालु उदयाचलगामी (उगते) सूर्य को अर्घ्य देंगे। इसी के साथ चार दिवसीय महापर्व का समापन हो जाएगा। यूपी के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री एके शर्मा और गाजियाबाद के सांसद जनरल वीके सिंह युमना के किनारे श्रद्धालुओं के बीच पहुंचे। एके शर्मा ने लखनऊ में गोमती नदी के घाट पर जबकि वीके सिंह ने गाजियाबाद में छठ मनाई।

छठ को लेकर कथा है कि अज्ञात वास की सजा काट रहे पांडव दुख में व दाने-दाने के लिए मोहताज थे। युधिष्ठिर, भीम, नकुल, सहदेव, अर्जुन द्रोपदी सहित वन में एक कुटिया में रह रहे थे। एक दिन ऋषियों का समूह इनकी कुटिया के पास पहुंचा। इन्होंने खाना खाने की इच्छा जताई। द्रोपदी ने व्यथा सुनाई तो ऋषियों ने द्रोपदी को छठ का व्रत करने के लिए कहा। द्रोपदी ने ऋषियों के बताने के अनुसार छठ पूजा की। इससे पांडवों का खोया हुआ राजपाट वापस मिला।

कहते हैं कि सच्चे मन से छठी मइया का व्रत रखने से हर मनोकामना पूरी होती है। यूपी के गाजियाबाद, कानपुर समेत तमाम जिलों में छठ पर्व को लेकर नदी किनारे विशेष सजावट और सुरक्षा के इंतजाम किए गए थे।

About Post Author