दिल्ली के मॉडल टाउन में शॉर्ट सर्किट की वजह से लगी बिल्डिंग में आग
मीनाक्षी जागलान आईआईएमटी न्यूज दिल्ली के मॉडल टाउन इलाके में एक इमारत में शॉर्ट सर्किट के कारण भीषण आग लग गई। पुलिस की सूझबूझ के चलते एक बड़ा हादसा टल गया और अंदर फंसे सभी 30 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। इस घटना में किसी भी प्रकार की जनहानि या चोट की कोई सूचना नहीं है।दोपहर करीब 01:58 बजे मॉडल टाउन थाना क्षेत्र की एक इमारत में शॉर्ट सर्किट से आग भड़क उठी। सूचना मिलते ही एसएचओ ने बिना देर किए पीसीआर कॉल की और संबंधित आपातकालीन एजेंसियों को अलर्ट किया।पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचते ही बचाव अभियान शुरू किया। प्रभावित इमारत के साथ-साथ आसपास की सटी हुई इमारतों में मौजूद लोगों को भी पूरी सावधानी और सुरक्षा के साथ बाहर निकाला गया। समय रहते पुलिस के पहुंचने और तुरंत शुरू किए गए रेस्क्यू ऑपरेशन से किसी भी तरह का जान-माल का नुकसान नहीं हुआ।
