सर्दियों में बच्चों की इम्यूनिटी बढ़ाने के आसान तरीके, रहें मौसमी बीमारियों से सुरक्षित
रोशनी शंकर (ग्रेटर नोएडा)
ठंड का मौसम छोटे बच्चों के लिए अक्सर चुनौती भरा होता है। गिरते तापमान और ठंडी हवा की वजह से बच्चों की प्रतिरोधक क्षमता कमजोर हो सकती है, जिससे वे बार-बार सर्दी-जुकाम, खांसी या बुखार जैसी समस्याओं का शिकार हो जाते हैं। ऐसे मौसम में बच्चों की डाइट, लाइफस्टाइल और हेल्थ रूटीन पर थोड़ा ध्यान देने से उनकी इम्यूनिटी मजबूत की जा सकती है और मौसमी बीमारियों से बचाया जा सकता है।
इस मौसम में बच्चों के भोजन में विटामिन C और विटामिन D से भरपूर चीजें शामिल करना बहुत फायदेमंद होता है। संतरा, आंवला, नींबू, मौसंबी, टमाटर और शिमला मिर्च जैसे फल-सब्जियां प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने में मदद करती हैं। वहीं थोड़ी देर धूप में समय बिताने से शरीर में विटामिन D बनता है, जो हड्डियों और रोग प्रतिरोध तंत्र दोनों के लिए जरूरी है। साथ ही ड्राई फ्रूट्स, गुड़, घी, सूप और हल्दी-अदरक जैसी चीज़ें सर्दियों में शरीर को गर्माहट और ताकत देती हैं। सर्दियों में पानी की मात्रा कम हो जाती है, लेकिन शरीर को हाइड्रेट रखना उतना ही जरूरी है। गर्म पानी या तुलसी-अदरक और दालचीनी से बने हर्बल वॉटर का सेवन गले को राहत देता है और संक्रमण का खतरा कम करता है। दिनभर में थोड़ा-थोड़ा पानी देने से बच्चों की त्वचा, गला और पाचन तंत्र बेहतर रहता है।
इसके अलावा, शारीरिक गतिविधि बच्चों की इम्यूनिटी बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। ठंड की वजह से बच्चे अक्सर खेलना बंद कर देते हैं, लेकिन हल्की दौड़, स्किपिंग, योग या इनडोर गेम्स उनकी ऊर्जा, मजबूती और ब्लड सर्कुलेशन को बढ़ाते हैं। नियमित एक्टिविटी शरीर की नैचुरल डिफेंस सिस्टम को मजबूत करती है और बच्चे पूरे मौसम फिट रह सकते हैं।
डिस्क्लेमर: यह आर्टिकल सामान्य जागरूकता के उद्देश्य से लिखा गया है। किसी भी तरह की समस्या या लक्षण दिखाई देने पर डॉक्टर से सलाह अवश्य लें।
