अंधविश्वास के चलते नाबालिग की चाकुओं से गोदकर हत्या, आरोपी फरार

मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में जादू टोना को लेकर एक 16 वर्षीय किशोर की चाकू मार कर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। घटना गुरुवार रात करीब 9 बजे की है। मृतक के माता-पिता ने करीब दर्जन भर लोगों पर इस घटना को अंजाम देने की बात कही है। हालांकि पुलिस का मानना है कि आरोपी दो-तीन हो सकते हैं। बताया जाता है कि मुख्य आरोपी के पिता की कल ही मौत हुई थी। उसे संदेह था कि जादू टोना से उसके पिता की मौत हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार जिले के चिचोली थाना और भीमपुर पुलिस चौकी क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम वारेढाना (भीमपुर) निवासी दीपक पिता फागू नर्रे (16 वर्ष) पर बीती रात करीब 9 बजे कुछ लोगों ने चाकू से हमला कर दिया। इससे दीपक के पेट की आंतें बाहर आ गई थी। दीपक दिव्यांग था और उसका एक हाथ नहीं था। परिजनों को जानकारी मिलने पर वे मौके पर पहुंचे और 108 एंबुलेंस को सूचना दी। मौके पर पहुंची संजीवनी 108 के ईएमटी कोमल राठौर और पायलट मिथिलेश ने उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भीमपुर लेकर भर्ती करवाया। यहां परीक्षण के बाद दीपक डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक के माता-पिता ने जानकारी दी है कि जादू टोना के संदेह के चलते लगभग एक दर्जन लोगों ने एकराय होकर दीपक पर हमला किया था। इस संबंध में भीमपुर चौकी प्रभारी बसंत आहके ने बताया कि हत्या की घटना को गांव के ही राम नर्रे ने अपने साथियों के साथ अंजाम दिया है। इसके पिता की कल शाम को मौत हुई थी। उसे संदेह था कि दीपक के परिवार द्वारा किए गए जादू टोना से उसके पिता रेगा नर्रे की मौत हुई है। आरोपियों के खिलाफ धारा 302, 34 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले की विवेचना की जा रही है। अभी कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है।

About Post Author