चुनावी राज्य मध्य प्रदेश में कांग्रेस ने जारी किया घोषणा पत्र

लवी फंसवाल। चुनावी राज्य मध्य प्रदेश में कांग्रेस ने अपना घोषणा पत्र जारी कर दिया है। इस बार भी इसे 2018 की तरह वचन पत्र नाम दिया गया है। कांग्रेस के वचनों की संख्या 5 साल में 50 से बढ़कर 59 हो गई है। लेकिन, वचन पत्र के प्रस्ठ कम कर दिये गए हैं। 2018 के घोषणा पत्र में कांग्रेस ने कुल 112 पेज रखे थे। इस बार पन्नों की संख्या 106 हो गई है। 2018 के घोषणा पत्र और इस बार की घोषणा पत्र के शुरू के चार पेज में कांग्रेस के चेहरे दिखाए गए हैं। जिसमें कवर और उनके अंदर के पेज शामिल हैं।
2018 की घोषणा पत्र में नजर आए कई चेहरे इस बार भी नजर आ रहे हैं। वहीं ज्योतिरादित्य सिंधिया के अलावा कहीं ऐसे चेहरे थे जो 2018 में मौजूद थे, लेकिन इस बार उन्हें कवर फोटो में जगह नहीं मिली है। कुछ चेहरे ऐसे भी हैं जिन्हें आगे के कवर से हटाकर पीछे पहुंचा दिया गया है। वहीं एक चेहरा ऐसा भी है जो आखिर के हिस्से से आगे आ गया है।
2018 के वचन पत्र के कवर पर सबसे बड़ी तस्वीर तत्कालीन अध्यक्ष राहुल गांधी की थी। इस बार के कवर पर सबसे बड़ी तस्वीर पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ की है। पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे कवर के ऊपरी हिस्से में दिख रहे हैं। उनकी तस्वीर सोनिया गांधी, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के साथ दिख रही है। 2018 के वचन पत्र के ऊपरी हिस्से पर कांग्रेस के कई पुराने नेताओं की तस्वीर दिख रही थी। इनमें महात्मा गांधी, जवाहर लाल नेहरू, सुभाष चंद्र बोस, मौलाना अबुल कलाम आजाद, डॉ. भीमराव अंबेडकर, सरदार पटेल, वीवी गिरि, बाबू जगजीवन राम, लाल बहादुर शास्त्री और राजीव गांधी दिखाई दे रहे थे। 

About Post Author