बाबा बागेश्वर के भाई शालिग्राम ने पेट में मारी गोली, 4 पर हत्या प्रयास का केस दर्ज
मीनाक्षी आईआईएमटी न्यूज ,छतरपुर के कोंड़ा गांव फायरिंग मामले में घायल किसान मोतीलाल की शिकायत पर शालिग्राम गर्ग समेत चार आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया गया है। एफआईआर में मारपीट के बाद पिस्टल से गोली मारने का आरोप लगाया गया है।बागेश्वर धाम के पास ग्राम कोंड़ा में जमीन विवाद के दौरान हुई फायरिंग के मामले में दर्ज एफआईआर में कई गंभीर आरोप लगाए गए हैं। राजनगर थाना पुलिस द्वारा दर्ज देहाती नालसी के अनुसार घायल किसान मोतीलाल उर्फ मोती कुशवाहा ने बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के भाई शालिग्राम गर्ग समेत चार लोगों पर हत्या के प्रयास का आरोप लगाया है। पुलिस ने शालिग्राम गर्ग, अंकित मिश्रा, सतीष घोषी और एक अज्ञात आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। 14 जुलाई को दोपहर करीब एक बजे अंकित मिश्रा, सतीष घोषी और एक अन्य व्यक्ति मोतीलाल के घर पहुंचे। उन्होंने कहा कि “छोटे सरकार” उर्फ शालिग्राम महाराज प्राथमिक स्कूल के पास बुला रहे हैं। इसके बाद मोतीलाल अपने छोटे भाई अमन और मां शांति कुशवाहा के साथ मौके पर पहुंचे। वहां पहुंचते ही शालिग्राम गर्ग ने कथित तौर पर गाली-गलौज शुरू कर दी और साथियों से डंडे निकालकर हमला करने को कहा। आरोप है कि इसके बाद तीनों ने मोतीलाल के साथ लाठी-डंडों से मारपीट की।एफआईआर में मोतीलाल ने आरोप लगाया है कि मारपीट के दौरान शालिग्राम गर्ग ने कमर से पिस्टल निकालकर उनके पेट पर सटा दी और गोली चला दी। गोली उनके दाहिने सीने के नीचे लगी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े। शोर सुनकर परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे तो आरोपी चार पहिया वाहन मौके पर छोड़कर जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। घायल मोतीलाल को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर हत्या के प्रयास समेत अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
