रामलीला मैदान में 1 नवंबर को कांग्रेस की जनसभा, पुलिस ने 25 अक्तूबर से 3 नवंबर तक दी अनुमति
मीनाक्षी जागलान आईआईएमटी न्यूज दिल्ली में इंडियन नेशनल कांग्रेस (कांग्रेस) 1 नवंबर 2026 को रामलीला मैदान में जनसभा आयोजित करेगी। इसके लिए दिल्ली पुलिस ने पार्टी को अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) जारी कर दिया है। यह अनुमति 25 अक्तूबर से 3 नवंबर 2026 तक के लिए दी गई है। इस दौरान जनसभा की तैयारियों और आयोजन से जुड़ी व्यवस्थाओं को लेकर पुलिस, यातायात विभाग और अन्य संबंधित एजेंसियां समन्वय बनाए रखेंगी। कांग्रेस ने रामलीला मैदान में जनसभा आयोजित करने के लिए दिल्ली पुलिस से अनुमति मांगी थी। इससे पहले पार्टी ने दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) से 25 अक्तूबर से 3 नवंबर तक मैदान की उपलब्धता के बारे में जानकारी ली थी। मैदान उपलब्ध होने की पुष्टि के बाद कांग्रेस ने पुलिस से संपर्क किया। इसके बाद पुलिस ने संबंधित पहलुओं पर विचार करते हुए एनओसी जारी कर दी। सेंट्रल दिल्ली के डीसीपी रोहित राजबीर सिंह ने बताया कि सीबीडी ग्राउंड, बुराड़ी मैदान और रामलीला मैदान को रैलियों और प्रदर्शनों के लिए निर्धारित किया गया है। कांग्रेस पार्टी ने रामलीला मैदान की उपलब्धता के संबंध में एमसीडी से संपर्क किया था। वहां से मैदान खाली होने की जानकारी मिलने के बाद पार्टी ने पुलिस से अनुमति मांगी। डीसीपी के मुताबिक, कांग्रेस के साथ पुलिस की लगातार बातचीत चल रही थी। सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए पार्टी को एनओसी दे दी गई है। इसके बाद कांग्रेस अपनी तैयारियां शुरू कर सकेगी। उन्होंने बताया कि 25 अक्तूबर से 3 नवंबर तक रामलीला मैदान इस कार्यक्रम के लिए आरक्षित रहेगा।
