पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी से जुड़े पुणे के 66 लोग, ATS की पूछताछ में बड़ा खुलासा
मीनाक्षी आईआईएमटी न्यूज,महाराष्ट्र एटीएस ने पुणे में सोमवार को बड़ा अभियान चलाते हुए 66 लोगों से पूछताछ की है। ये सभी लोग सोशल मीडिया के जरिए पाकिस्तान में बैठे गैंगस्टर शहजाद भट्टी और उसके गिरोह के संपर्क में आए थे।पाकिस्तान में बैठे गैंगस्टर शहजाद भट्टी के नेटवर्क पर इन दिनों महाराष्ट्र एटीएस का पूरा फोकस है। एटीएस ने सोमवार को पुणे जिले में बड़ा अभियान चलाया। एटीएस की टीमें सुबह सात बजे से शहजाद भट्टी के संपर्क में आए 66 लोगों से पूछताछ कर रही हैं। यह कार्रवाई पुणे शहर पुलिस, पुणे ग्रामीण पुलिस की मदद से जिले के विभिन्न इलाकों में एक साथ की जा रही है। एटीएस ने आधिकारिक बयान जारी कर बताया कि शुरुआती जांच में इन लोगों के सोशल मीडिया के जरिए शहजाद भट्टी के संपर्क में आने के संकेत मिले हैं।एटीएस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान संबंधित लोगों के मोबाइल फोन, सोशल मीडिया खाते, चैट, कॉल रिकॉर्ड और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच की जा रही है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि कहीं इन लोगों का इस्तेमाल कट्टरपंथी विचारधारा की ओर धकेलने, राष्ट्रविरोधी गतिविधियों के लिए उकसाने या किसी संगठित नेटवर्क से जोड़ने के लिए तो नहीं किया गया। जांच का मकसद यह भी है कि इस संपर्क का दायरा कितना बड़ा है और इसके पीछे कौन-कौन लोग सक्रिय हैं।यह कार्रवाई एटीएस के उस व्यापक अभियान का हिस्सा है, जो पिछले सप्ताह शुरू किया गया था। गत शुक्रवार को राज्यभर में एटीएस की 14 यूनिट्स की 58 टीमों ने एक साथ 102 स्थानों पर छापेमारी कर शहजाद भट्टी के संपर्क में आए लोगों से पूछताछ की थी। उसी जांच के दौरान यह भी सामने आया था कि भट्टी अकेला काम नहीं कर रहा, बल्कि उसके साथ आबिद जाट उर्फ आबिद छल, अजमल गुजर, हम्माद मेमन, राणा हुनैन और अशरफ बशीर आलम जैसे कई अन्य संदिग्ध भी सक्रिय हैं। एटीएस का मानना है कि यह गिरोह सोशल मीडिया के जरिए भारतीय युवाओं तक पहुंच बनाकर उन्हें , आर्थिक लालच देने और अपने नेटवर्क से जोड़ने की कोशिश कर रहा है। इसी जांच के दौरान मिले नए सुरागों के आधार पर अब पुणे में 66 लोगों से पूछताछ की जा रही है।
