गाजियाबाद हत्याकांड: खोड़ा में तनाव बरकरार, सूर्या के परिजन बोले- हत्यारों का एनकाउंटर हो

रामशंकर, आईआईएमटी न्यूज। गाजियाबाद। गाजियाबाद के खोड़ा क्षेत्र में 11वीं कक्षा के छात्र सूर्या की हत्या के बाद दूसरे दिन भी माहौल तनावपूर्ण बना रहा। घटना से आक्रोशित स्थानीय लोगों, परिजनों और विभिन्न हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए प्रदर्शन किया। क्षेत्र के कई बाजार बंद रहे और किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।

जानकारी के अनुसार, सूर्या की हत्या कथित रूप से बाइक को लेकर हुए विवाद के बाद चाकू से गोदकर की गई थी। पुलिस के मुताबिक मुख्य आरोपी असद ने हाल ही में नई बाइक खरीदी थी। सूर्या ने बाइक चलाने की इच्छा जताई थी, लेकिन बाइक न देने को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। यह विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने सूर्या पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।

घटना के बाद पूरे इलाके में गुस्से का माहौल है। शुक्रवार को पोस्टमार्टम के बाद जैसे ही सूर्या का शव उसके घर पहुंचा, बड़ी संख्या में लोग वहां एकत्र हो गए। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। परिवार के सदस्यों ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि उन्हें केवल गिरफ्तारी नहीं, बल्कि एनकाउंटर चाहिए। परिजनों ने यह भी मांग की कि आरोपियों के मकानों पर बुलडोजर चलाया जाए।

सूर्या के परिजनों ने कहा कि उनके बेटे की बेरहमी से हत्या की गई है और ऐसी घटनाओं पर कठोर कार्रवाई ही भविष्य में अपराधियों के मन में कानून का भय पैदा कर सकती है। उन्होंने कहा कि जब तक आरोपियों के खिलाफ कठोर कदम नहीं उठाए जाते, तब तक उन्हें न्याय नहीं मिलेगा।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए खोड़ा क्षेत्र में पुलिस और प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। कई थानों की पुलिस के साथ अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है। संवेदनशील इलाकों में लगातार गश्त की जा रही है और लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि सोशल मीडिया पर भी नजर रखी जा रही है ताकि अफवाहों को फैलने से रोका जा सके।

इस बीच, हिंदू रक्षा दल समेत कई संगठनों के कार्यकर्ता खोड़ा पहुंचे और परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की। हिंदू रक्षा दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष पिंकी चौधरी के खोड़ा पहुंचने की सूचना मिलने पर पुलिस ने एहतियातन उन्हें उनके घर पर ही नजरबंद कर दिया। प्रशासन का मानना है कि किसी भी उग्र प्रदर्शन से कानून-व्यवस्था प्रभावित हो सकती है।

पुलिस ने हत्या के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। उनसे पूछताछ जारी है और घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि मामले में साक्ष्यों के आधार पर निष्पक्ष कार्रवाई की जाएगी और दोषियों को कानून के अनुसार कड़ी सजा दिलाई जाएगी।

वहीं, क्षेत्र के लोगों में घटना को लेकर गहरा आक्रोश है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि दिनदहाड़े हुई इस वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। लोगों ने प्रशासन से क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ाने और असामाजिक तत्वों पर प्रभावी कार्रवाई की मांग की है।

फिलहाल खोड़ा में स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है, लेकिन तनाव पूरी तरह समाप्त नहीं हुआ है। पुलिस और प्रशासन लगातार हालात पर नजर बनाए हुए हैं और शांति बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

About Post Author