कैंची से वार कर महिला की करी हत्या, आरोपी फरार

कैंची

ओखला औद्योगिक थाना इलाके में कैंची से वार कर महिला की बेरहमी से हत्या कर दी गई। आरोपी महिला को सरेराह रास्ते से खींचकर रेलवे गोदाम में ले गया और वहां कैंची से 8 से 10 वार कर गला काट दिया। आरोपी महिला का दोस्त था। उसे संदेह था कि महिला के किसी और से संबंध हो गए हैं। ओखला थाना पुलिस ने आरोपी चांद को गिरफ्तार कर लिया गया है।

दक्षिण-पूर्व जिला पुलिस अधिकारियों के अनुसार तेहखंड निवासी महिला झरना देवी (37) फरीदाबाद में स्थित एक्सपर्ट फैक्टरी में सिलाई का काम करती थी। चांद भी वहीं काम करता था। साथ काम करने के दौरान दोनों की दोस्ती हो गई। दोनों शादीशुदा हैं। कुछ दिनों से दोनों के बीच अनबन हो गई थी। महिला चांद से शादी करना चाहती थी। वहीं चांद को लगता था कि उसके किसी और से संबंध हो गए हैं। इस बात पर दिवाली के दिन दोनों के बीच में झगड़ा हुआ था।

पुलिस के मुताबिक शनिवार शाम को झरना करीब पौने पांच बजे फैक्टरी से निकली थी। ओखला में रेलवे लाइन होकर घर की तरफ आ रही थी। तभी चांद उसे टाटा स्टील के पीछे रेलवे गोदाम में खींचकर ले गया। यहां पर झरना के बैग से कैंची निकालकर उसकी गर्दन पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। उसने कैंची से 8 से 10 वार कर गर्दन आधी से ज्यादा काट दी। आरोपी झरना को लहुलूहान अवस्था में मौके पर छोड़कर फरार हो गया।

रात को जब झरना घर नहीं पहुंची तो परिजनों ने तलाश करना शुरू किया। उसका मोबाइल भी बंद था। परिजनों ने रविवार सुबह ओखला थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। इधर झरना का शव देखकर किसी ने रविवार सुबह करीब 9:30 बजे इसकी सूचना पुलिस को दी। पीड़ित परिवार ने झरना की पहचान कर ली। परिजनों ने बताया कि झरना की चांद से दोस्ती थी। ओखला थानाध्यक्ष की टीम ने जांच शुरू की और आरोपी चांद को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी दिल्ली से भागने की फिराक में था। आरोपी की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल कैंची को बरामद कर ली है।

About Post Author