सुबह खाली पेट अखरोट खाने से मिलेगा दोगुना फायदा, जानें सही समय और तरीका
रोशनी शंकर ( ग्रेटर नोएडा )
सेहतमंद जीवनशैली की शुरुआत अक्सर सुबह के रूटीन से होती है। हेल्थ एक्सपर्ट्स का कहना है कि अगर आप दिन की शुरुआत भीगे हुए अखरोट से करते हैं तो यह आपके शरीर और दिमाग दोनों के लिए बेहद फायदेमंद साबित हो सकता है। अखरोट पोषण से भरपूर होने के साथ-साथ प्राकृतिक ऊर्जा का बेहतरीन स्रोत माना जाता है।
सुबह खाली पेट अखरोट खाने का सबसे बड़ा फायदा यह है कि शरीर इसके सभी पोषक तत्वों को तेजी से अवशोषित कर पाता है। इसमें मौजूद ओमेगा-3 फैटी एसिड, प्रोटीन, फाइबर और एंटीऑक्सीडेंट्स न केवल शरीर को ऊर्जा देते हैं बल्कि मानसिक स्वास्थ्य को भी मजबूत करते हैं। यही वजह है कि अखरोट को ‘ब्रेन फूड’ कहा जाता है। सुबह इसका सेवन करने से याददाश्त और एकाग्रता में सुधार होता है और तनाव व चिंता कम करने में मदद मिलती है। विशेषज्ञ बताते हैं कि अखरोट खाने का सही तरीका है कि रातभर 2 से 4 अखरोट पानी में भिगोकर रखें और सुबह खाली पेट उनका सेवन करें। पानी में भिगोने से अखरोट की ऊपरी परत नरम हो जाती है और उसमें मौजूद फाइटिक एसिड कम हो जाता है, जिससे पोषक तत्व और भी आसानी से शरीर में अवशोषित हो पाते हैं। इसके साथ एक गिलास गुनगुना पानी पीना और भी फायदेमंद माना जाता है।
हालांकि अखरोट शाम को स्नैक के रूप में भी खाए जा सकते हैं। यह भूख को नियंत्रित करने और नींद की गुणवत्ता सुधारने में सहायक होते हैं क्योंकि इनमें मेलाटोनिन नामक तत्व पाया जाता है, लेकिन स्वास्थ्य विशेषज्ञ सुबह का समय ही इसके सेवन के लिए सबसे बेहतर मानते हैं। अखरोट का नियमित सेवन आपको पूरे दिन ऊर्जावान बनाए रख सकता है, वजन संतुलित रखने में मदद करता है और अनहेल्दी स्नैक्स से दूरी दिलाता है।
डिस्क्लेमर: यह आर्टिकल केवल सामान्य जानकारी के उद्देश्य से लिखा गया है। किसी भी तरह की समस्या या सवाल के लिए हमेशा अपने डॉक्टर की सलाह लें।
