दिल्ली के शास्त्री नगर इलाके में करंट लगने से युवक की मौत

मीनाक्षी आईआईएमटी न्यूज दिल्ली के शास्त्री पार्क इलाके में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक हादसा सामने आया। देहरादून एक्सप्रेसवे पर पिलर नंबर 52 के पास करीब 25 वर्षीय एक युवक करंट लगने से मृत पाया गया। पुलिस के अनुसार, सुबह करीब 10 बजे सूचना मिली थी कि एक युवक डिवाइडर पर अचेत अवस्था में पड़ा है। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। जांच में सामने आया कि युवक करीब छह फीट ऊंची डिवाइडर रेलिंग पार कर गया था। आशंका है कि रेलिंग पार करने के बाद वह पिलर नंबर 52 के पास लगे विद्युत पैनल पर चढ़ गया और वहां मौजूद हाई-वोल्टेज बिजली के तारों की चपेट में आने से उसे करंट लग गया।घायल युवक को तत्काल जग प्रवेश चंद्र अस्पताल (जेपीसी अस्पताल) ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम और पहचान के लिए जीटीबी अस्पताल भेज दिया गया। फिलहाल पुलिस मृतक की पहचान करने का प्रयास कर रही है। पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले की जांच जारी है।

About Post Author