Vitamin B12 की कमी से रुक सकती है बालों की ग्रोथ, जानें इसके 5 बेहतरीन प्राकृतिक स्रोत

रोशनी शंकर (ग्रेटर नोएडा)

बालों का झड़ना, उनका रूखापन या समय से पहले सफेद होना आजकल बहुत लोगों की समस्या बन चुका है। अक्सर लोग इसे मौसम, तनाव या केमिकलयुक्त प्रोडक्ट्स की वजह मानते हैं, लेकिन हकीकत यह है कि शरीर में विटामिन B12 की कमी भी इसका बड़ा कारण हो सकती है। यह विटामिन रेड ब्लड सेल्स बनाने में मदद करता है, जो स्कैल्प तक ऑक्सीजन और पोषक तत्व पहुंचाते हैं। इसकी कमी होने पर बालों के फॉलिकल्स कमजोर हो जाते हैं और हेयर फॉल बढ़ने लगता है।

विटामिन B12 की कमी से न सिर्फ बाल झड़ते हैं, बल्कि मेलेनिन बनने की प्रक्रिया भी प्रभावित होती है, जिस वजह से बाल समय से पहले सफेद होने लगते हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि शरीर स्वयं B12 नहीं बनाता, इसलिए इसे भोजन के माध्यम से ही पूरा किया जा सकता है। खासकर शाकाहारियों में इसकी कमी ज्यादा पाई जाती है, क्योंकि यह मुख्य रूप से एनिमल-बेस्ड फूड्स में मौजूद होता है। ऐसे में सही डाइट अपनाना बेहद जरूरी है ताकि बालों की ग्रोथ बनी रहे। यदि आप शाकाहारी हैं तो दूध, दही, पनीर और छाछ आपके लिए विटामिन B12 के बेहतरीन स्रोत हैं। वहीं अंडे खाने वालों के लिए अंडे की जर्दी B12 का अच्छा विकल्प है, जिसे नियमित रूप से डाइट में शामिल किया जा सकता है। नॉन-वेज खाने वालों के लिए सैल्मन और टूना जैसी मछलियां बेहद फायदेमंद हैं, क्योंकि इनमें B12 के साथ ओमेगा-3 फैटी एसिड भी होता है, जो बालों को मजबूत और स्वस्थ बनाता है। फोर्टीफाइड फूड्स, जैसे कुछ सीरियल्स, सोया मिल्क और न्यूट्रिशनल यीस्ट भी B12 पूरा करने का अच्छा माध्यम हैं।

दही को विशेष रूप से उपयोगी माना जाता है, क्योंकि यह न सिर्फ B12 का स्रोत है बल्कि प्रोबायोटिक्स भी देता है, जो पाचन में सुधार और पोषक तत्वों के अवशोषण में मदद करता है। यदि आपको लग रहा है कि आपके बाल सामान्य से ज्यादा झड़ रहे हैं, या स्कैल्प कमजोर महसूस हो रहा है, तो डॉक्टर से सलाह लेकर B12 का टेस्ट कराना फायदेमंद होगा। सही खानपान और संतुलित लाइफस्टाइल से B12 की कमी को दूर कर बालों को दोबारा मजबूत, चमकदार और स्वस्थ बनाया जा सकता है।

डिस्क्लेमर: यह आर्टिकल केवल सामान्य जानकारी के उद्देश्य से लिखा गया है। किसी भी तरह की समस्या या सवाल के लिए हमेशा अपने डॉक्टर की सलाह लें।

About Post Author

आप चूक गए होंगे