द्वारका एक्सप्रेसवे टनल में मामूली टक्कर के बाद बवाल, डंडा लेकर हमला करने दौड़ा टैक्सी ड्राइवर
मीनाक्षी आईआईएमटी न्यूज, द्वारका एक्सप्रेसवे टनल में मामूली टक्कर के बाद एक टैक्सी चालक ने पीड़ित पर डंडे से हमला करने की कोशिश की, जिससे हंगामा हो गया।द्वारका एक्सप्रेसवे टनल में मंगलवार शाम को दो गाड़ियों के बीच मामूली टक्कर के बाद भारी हंगामा देखने को मिला। आरोपी टैक्सी चालक ने पीड़ित पर डंडे से हमला करने की कोशिश की, जिसके बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, इस घटना में किसी के घायल होने की खबर नहीं है। पुलिस के मुताबिक, यह घटना 7 जुलाई की शाम करीब 7:44 बजे की है, जब कापसहेड़ा थाना पुलिस को द्वारका एक्सप्रेसवे टनल के अंदर एक विवाद की सूचना मिली।
क्या है पूरा मामला?
शिकायतकर्ता अपनी वैगनऑर कार से जा रहा था, तभी एक सफेद रंग की अर्टिगा टैक्सी से उसकी मामूली टक्कर हो गई। आरोप है कि टक्कर के बाद टैक्सी ड्राइवर ने तैश में आकर पीड़ित पर डंडे से हमला करने की कोशिश की,पीड़ित ने आत्मरक्षा में जब टैक्सी ड्राइवर को पीछे धकेला, तो वह पास में खड़ी एक किआ सेल्टोस कार से जा टकराया, जिससे उस कार को थोड़ा नुकसान पहुंचा।हंगामे के बाद किआ सेल्टोस के मालिक ने नुकसान के मुआवजे के लिए शिकायतकर्ता को रोक लिया, जबकि इसका फायदा उठाकर आरोपी टैक्सी ड्राइवर मौके से गाड़ी लेकर फरार हो गया।घटना की सूचना मिलते ही पीसीआर स्टाफ तुरंत मौके पर पहुंचा। तब तक शिकायतकर्ता और किआ सेल्टोस के मालिक ने आपस में बातचीत कर मामला शांतिपूर्वक सुलझा लिया था। इसके बाद जब कापसहेड़ा थाने की पुलिस टीम मौके पर पहुंची, तो वहां कोई क्षतिग्रस्त वाहन या घायल व्यक्ति नहीं मिला।
