Site icon IIMT NEWS, Hindi news, हिंदी न्यूज़ , Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, Breaking News in Hindi, ताजा ख़बरें

ब्रेन स्ट्रोक का इलाज हुआ आसान, जिला अस्पतालों में मिलेंगे मुफ्त इंजेक्शन

रोशनी शंकर (ग्रेटर नोएडा)

उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने एक बड़ा कदम उठाया है। अब प्रदेश के सभी जिला अस्पतालों में लगभग 30 हजार रुपये कीमत वाले टेनेक्टेप्लेस इंजेक्शन निशुल्क उपलब्ध कराए जाएंगे। प्रमुख सचिव, चिकित्सा शिक्षा एवं चिकित्सा स्वास्थ्य की ओर से इस संबंध में निर्देश जारी किए गए हैं। इसके तहत सीएमओ को सभी जिला अस्पतालों में इंजेक्शन का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध कराना होगा।

ब्रेन स्ट्रोक को सामान्य रूप से लकवा भी कहा जाता है। इसके प्रमुख लक्षणों में मुंह का तिरछा होना, हाथ-पैरों का सुन्न या बेजान हो जाना, जुबान का लड़खड़ाना, आवाज का बंद हो जाना और दिमाग की नसों में अचानक रक्त प्रवाह रुक जाना शामिल हैं। ब्रेन स्ट्रोक के चलते हर चार मिनट में एक मरीज की मौत हो जाती है।

आपको बता दें, टेनेक्टेप्लेस इंजेक्शन सही समय पर लगाए जाने से मरीज की जान बचाई जा सकती है और स्ट्रोक के दुष्प्रभावों को भी काफी हद तक कम किया जा सकता है। स्ट्रोक के मरीजों के लिए टेनेक्टेप्लेस इंजेक्शन द्वारा की जाने वाली थ्रोम्बोलाइसिस थेरेपी एक सटीक और आपातकालीन उपचार है, जिससे रक्त के थक्के घुल जाते हैं और मस्तिष्क में रक्त प्रवाह सामान्य हो जाता है।

ब्रेन स्ट्रोक के प्रमुख कारणों में मोटापा, धूम्रपान, अधिक शराब सेवन, खराब जीवनशैली और शारीरिक निष्क्रियता शामिल हैं। इनके कारण डायबिटीज, हाई बीपी और कोलेस्ट्रॉल जैसी समस्याएं उत्पन्न होती हैं, जो आगे चलकर ब्रेन स्ट्रोक का कारण बनती हैं।

डिस्क्लेमर: यह लेख केवल सामान्य जानकारी के उद्देश्य से लिखा गया है। किसी भी प्रकार की स्वास्थ्य समस्या या सवाल के लिए हमेशा अपने चिकित्सक की सलाह अवश्य लें।

Exit mobile version