दिल्ली में बीच मंडी में बदमाशो ने बरसाई गोलियां, धनिया कारोबारी की हत्या
मीनाक्षी जागलान आईआईएमटी न्यूज राजधानी दिल्ली की आजादपुर मंडी में सोमवार देर रात एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है। यहां 28 वर्षीय धनिया कारोबारी मोहम्मद आलम की तीन हमलावरों ने गोलियां मारकर हत्या कर दी। जांच में पीड़ित के शरीर पर गोलियों के सात घाव मिले हैं।मृतक के भाई अब्दुल सत्तार ने पुलिस को बताया कि मोहम्मद आलम चार महीने बाद बिहार से दिल्ली वापस लौटा था और जहांगीरपुरी में परिवार के साथ रह रहे थे। रात डेढ़ बजे जब आलम अपनी दुकान पर काम कर रहे थे, तभी हेलमेट पहने तीन बदमाश वहां पहुंचे और बिना कुछ कहे अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद तीनों हमलावर आसानी से पैदल ही मौके से फरार हो गए।परिवार वालों से पूछताछ में कारोबारी रंजिश की बात सामने आई है। मोहम्मद आलम का कारोबार को लेकर कुछ लोगों से विवाद चल रहा था, जिसका जिक्र उसने अपने भाई से भी किया था।पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। हमलावरों की पहचान सुनिश्चित करने के लिए घटनास्थल और मंडी के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को कब्जे में लेकर खंगाला जा रहा है।
