यह फूड्स, बढ़ाते हैं पेट दर्द और एसिडिटी, डाइट से तुरंत करें बाहर
रोशनी शंकर (ग्रेटर नोएडा)
अक्सर लोग पेट में जलन, भारीपन, खट्टी डकार या एसिडिटी जैसी समस्या से परेशान रहते हैं, लेकिन इसकी असली वजह हमारी रोज़मर्रा की डाइट होती है। कई खाने की चीजें पेट में एसिड का स्तर बढ़ाकर उसे चिड़चिड़ा बना देती हैं, जिससे पेट दर्द और सीने में जलन की परेशानी बढ़ जाती है। डॉक्टरों के अनुसार, जो लोग लंबे समय से एसिडिटी झेल रहे हैं, उन्हें अपने खान-पान में थोड़े बदलाव की आवश्यकता होती है।
मसालेदार और तले हुए भोजन पेट के लिए सबसे ज्यादा हानिकारक माने जाते हैं। अधिक तेल, मिर्च और गरम मसाले पेट की परत को नुकसान पहुंचाते हैं, जिससे जलन बढ़ जाती है। इसके अलावा नींबू, संतरा, अंगूर और टमाटर जैसे खट्टे फल अम्लीय होते हैं और पेट में एसिड को अचानक बढ़ा देते हैं। वहीं, चाय, कॉफी और कोल्ड ड्रिंक्स में मौजूद कैफीन और गैस पेट के वाल्व को ढीला कर देती है, जिसके कारण एसिड भोजन नली में पहुंचकर रिफ्लक्स की समस्या पैदा करता है। चॉकलेट और पेपरमिंट भी एसिडिटी को बढ़ाने वाले प्रमुख कारण माने जाते हैं। चॉकलेट में मौजूद कैफीन और फैट पाचन तंत्र को प्रभावित करते हैं, जबकि पेपरमिंट पेट के निचले हिस्से को रिलैक्स करके एसिड को ऊपर धकेलता है। इसके साथ ही प्रोसेस्ड और जंक फूड,जैसे बर्गर, पिज़्ज़ा, चिप्स और पैकेज्ड स्नैक्स में अनहेल्दी फैट और प्रिज़र्वेटिव्स की अधिक मात्रा होने के कारण पेट में गैस, ब्लोटिंग और एसिडिटी का खतरा काफी बढ़ जाता है।
विशेषज्ञों के मुताबिक, इन खाद्य पदार्थों को डाइट से हटाने पर कुछ ही दिनों में एसिडिटी और पेट दर्द में राहत महसूस हो सकती है। संतुलित आहार, पर्याप्त पानी और समय पर भोजन पाचन तंत्र को मजबूत बनाते हैं। जो लोग लगातार एसिडिटी महसूस करते हैं, उन्हें घर का हल्का, कम मसाले वाला भोजन अपनाने और कैफीन युक्त पेय से दूरी बनाने की सलाह दी जाती है।
डिस्क्लेमर: यह आर्टिकल केवल सामान्य जानकारी के उद्देश्य से लिखा गया है। किसी भी तरह की समस्या या सवाल के लिए हमेशा अपने डॉक्टर की सलाह लें।
