Site icon IIMT NEWS, Hindi news, हिंदी न्यूज़ , Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, Breaking News in Hindi, ताजा ख़बरें

सर्दियों में भीगे काले चने, सेहत के लिए फायदेमंद या नुकसानदेह? जानें सही तरीका

रोशनी शंकर (ग्रेटर नोएडा)

सर्दियों में सेहतमंद रहने के लिए महंगी चीज़ों की नहीं, बल्कि सही और पौष्टिक आहार की ज़रूरत होती है। चना ऐसा ही एक सस्ता और आसानी से मिलने वाला खाद्य पदार्थ है, जो प्रोटीन, आयरन, कैल्शियम, फोलेट और पोटैशियम जैसे जरूरी पोषक तत्वों से भरपूर होता है। नियमित रूप से चने का सेवन शरीर को मजबूत बनाने में मदद करता है।

भीगे हुए काले चने खाने से शरीर में आयरन की कमी दूर होती है और हीमोग्लोबिन का स्तर बेहतर होता है, जिससे एनीमिया का खतरा कम होता है। इनमें मौजूद एंटीऑक्सिडेंट्स त्वचा को नुकसान से बचाते हैं, जबकि विटामिन बी कॉम्प्लेक्स और प्रोटीन पाचन को बेहतर बनाकर इम्यूनिटी बढ़ाने में सहायक होते हैं। साथ ही भूख नियंत्रित रहती है, जिससे वजन घटाने में भी मदद मिल सकती है। सर्दियों में भीगे काले चने खाना सुरक्षित और फायदेमंद माना जाता है। हेल्थ एक्सपर्ट्स के अनुसार, एक स्वस्थ व्यक्ति रोजाना करीब 50 से 60 ग्राम भीगे हुए चने खा सकता है। हालांकि, जिन लोगों को दस्त, गैस, पेट फूलना या पेट दर्द जैसी समस्याएं रहती हैं, उन्हें चने का सेवन करने से बचना चाहिए, क्योंकि इससे दिक्कतें बढ़ सकती हैं।

अगर आप सर्दियों में भीगे चने खाते हैं, तो इनके साथ गुड़ मिलाकर खाना लाभकारी हो सकता है, जिससे आयरन की मात्रा और बढ़ जाती है। इसके अलावा सूखे मेवों के साथ सेवन करने से शरीर को अतिरिक्त ऊर्जा मिलती है और वजन बढ़ाने में भी सहायता मिल सकती है। संतुलित मात्रा और सही तरीके से सेवन करने पर भीगे काले चने सर्दियों में सेहत का अच्छा साथी बन सकते हैं।

डिस्क्लेमर: यह आर्टिकल सामान्य जागरूकता के उद्देश्य से लिखा गया है। किसी भी तरह की समस्या या लक्षण दिखाई देने पर डॉक्टर से सलाह अवश्य लें।

Exit mobile version