दिल्ली के शाहदरा में 44 लाख रुपये की लूट, छह गिरफ्तार
मीनाक्षी जागलान आईआईएमटी न्यूज दिल्ली के शाहदरा में 44 लाख रुपये की दिनदहाड़े लूट के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी समेत छह लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से अब तक 26 लाख 41 हजार 500 रुपये, एक पिस्तौल और मैगजीन बरामद की है। वारदात 27 अगस्त को हुई थी, जब एक व्यक्ति से बंदूक की नोक पर नकदी से भरा बैग लूट लिया गया था। पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी सत्यम विश्वकर्मा उर्फ डेविल को उत्तर प्रदेश से दिल्ली लाया गया था। पूछताछ के दौरान उसकी निशानदेही पर सुल्तानपुर में एक पिस्तौल और मैगजीन बरामद की गई। मामले में गिरफ्तार अन्य आरोपियों की पहचान प्रणजय तिवारी, सरब तिवारी, अम्बरीश तिवारी, गौरव तिवारी और राम जीत के रूप में हुई है। जांच में सामने आया कि आरोपियों ने कथित तौर पर नकदी ले जाने की जानकारी जुटाई और वारदात के बाद फरार होने में एक-दूसरे की मदद की। मुख्य आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
