पंजाब बाढ़ग्रस्त राज्य घोषित… पीएम मोदी करेंगे कल पंजाब का दौरा
प्रफुल्ल शर्मा (ग्रेटर नोएडा)
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार 9 सितंबर को पंजाब का दौरा करेंगे। पंजाब के 1440 गांव बाढ़ से जलमग्न हैं। देश के विभिन्न हिस्सों में अधिक वर्षा होने के कारण उत्तराखंड, पंजाब, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर जैसे राज्य बाढ़ की समस्या से जूझ रहे हैं। पंजाब बीजेपी के आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट से पीएम मोदी के पंजाब दौरे की जानकारी साझा की गई है। पीएम मोदी का पंजाब जाने का मुख्य उद्देश्य राहत और बचाव कार्यों की समीक्षा करना है।
पीएम बाढ़ से परेशान लोगों से सीधे मुलाकात करेंगे। पीएम उनकी मदद के लिए हर संभव प्रयास करेंगे। बीजेपी ने कहा, पीएम मोदी का यह दौरा साबित करता है कि केंद्र की बीजेपी सरकार हमेशा पंजाब के लोगों के साथ खड़ी है और इस कठिन समय में पूरा सहयोग प्रदान करेगी। राज्य में अब तक बाढ़ के कारण 46 लोगों की मौत हो चुकी है और कुछ लोग अभी लापता हैं।
पीएम मोदी पंजाब दौरे के दौरान संभवतः राहत पैकेज की घोषणा कर सकते हैं। बाढ़ पीड़ितों के लिए आर्थिक पैकेज या मुआवजे की घोषणा की जा सकती है। वहीं, पंजाब सरकार की ओर से केंद्र से वित्तीय सहायता मुहैया कराने की मांग की गई है। सरकार की ओर से 60 हज़ार करोड़ के फंड की मांग की गई है। पीएम के पंजाब दौरे से पहले गृह मंत्री अमित शाह ने भी पंजाब के बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा किया था।
