खराब नींद, उम्र से पहले बना रही बूढ़ा, रिसर्च में खुलासा
रोशनी शंकर ( ग्रेटर नोएडा )
अगर आप ठीक से नहीं सोते या रात में बार-बार आपकी नींद टूट जाती है, तो यह खबर आपके लिए जरूरी है। यूके में किए गए एक बड़े अध्ययन में वैज्ञानिकों ने पाया है कि खराब नींद दिमाग को असली उम्र से पहले बूढ़ा बना देती है। इस रिसर्च में 40 से 70 साल की उम्र के करीब 27,000 लोगों की नींद की आदतों और मस्तिष्क के एमआरआई स्कैन का विश्लेषण किया गया।
अध्ययन के नतीजों के अनुसार, जिन लोगों की नींद की गुणवत्ता खराब थी, उनके दिमाग की उम्र उनकी असली उम्र से कहीं अधिक पाई गई। विशेषज्ञों का कहना है कि नींद सिर्फ आराम का समय नहीं है, बल्कि यह शरीर और दिमाग को रीसेट करने की प्रक्रिया है। जब नींद पूरी नहीं होती, तो मस्तिष्क की सेहत प्रभावित होती है और सोचने-समझने की क्षमता भी घटती है। रिसर्च में नींद के पांच पहलुओं — नींद की अवधि, अनिद्रा, खर्राटे, दिन में थकान और व्यक्ति का क्रोनोटाइप — का अध्ययन किया गया। जिन लोगों की नींद बेहतर थी, उनका मस्तिष्क ज्यादा युवा और सक्रिय पाया गया। वहीं जिनकी नींद की गुणवत्ता खराब थी, उनमें मस्तिष्क तेजी से बूढ़ा दिखा।
शोधकर्ताओं ने यह भी बताया कि खराब नींद शरीर में सूजन बढ़ाती है, जिससे दिमाग की उम्र तेजी से बढ़ती है। विशेषज्ञों के अनुसार, नींद सुधारने के लिए सोने से पहले मोबाइल और कैफीन से दूरी रखें, शांत और अंधेरा माहौल बनाएं और रोज एक तय समय पर सोने की आदत डालें। ये आदतें दिमाग को लंबे समय तक स्वस्थ और जवान रख सकती हैं।
