बढ़ती गर्मी के बीच पीएम मोदी की अपील, बोले- प्यासे को पानी पिलाएं और पशु-पक्षियों का रखें ख्याल

डॉ रामशंकर, आईआईएमटी न्यूज। देशभर में भीषण गर्मी और लू के बढ़ते प्रकोप के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नागरिकों से सतर्क रहने और मानवीय संवेदनाओं को प्राथमिकता देने की अपील की है। 25 मई से शुरू हुए नौतपा के कारण कई राज्यों में तापमान लगातार बढ़ रहा है। सुबह से ही तेज धूप और गर्म हवाओं ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। इसी बीच प्रधानमंत्री मोदी ने लोगों से खुद को सुरक्षित रखने के साथ-साथ दूसरों की मदद करने का भी संदेश दिया।

प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि देश के विभिन्न हिस्सों में तापमान लगातार बढ़ रहा है और इसका असर आम जनजीवन पर साफ दिखाई दे रहा है। उन्होंने लोगों से पर्याप्त मात्रा में पानी पीने, बाहर निकलते समय पानी साथ रखने और शरीर को हाइड्रेटेड बनाए रखने की सलाह दी। पीएम मोदी ने कहा कि गर्मी के मौसम में छोटी-छोटी सावधानियां भी लोगों को गंभीर बीमारियों से बचा सकती हैं।

उन्होंने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि यदि संभव हो तो किसी प्यासे व्यक्ति को एक गिलास पानी जरूर पिलाएं। प्रधानमंत्री ने उन लोगों की भी सराहना की जो अपने घरों, दुकानों या कार्यालयों के बाहर राहगीरों के लिए मटकों में पानी रखते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे नेक कार्य समाज में संवेदनशीलता और मानवता का परिचय देते हैं।

पीएम मोदी ने बच्चों, बुजुर्गों और बाहर काम करने वाले मजदूरों को लेकर विशेष चिंता जताई। उन्होंने कहा कि ये लोग भीषण गर्मी में सबसे अधिक प्रभावित होते हैं। उन्होंने परिवार के लोगों से अपने माता-पिता, दादा-दादी और अन्य बुजुर्ग रिश्तेदारों का हालचाल पूछने और उन्हें दोपहर की तेज धूप से बचने की सलाह देने को कहा। प्रधानमंत्री ने कहा कि लू और गर्मी से होने वाली थकावट के संकेतों को नजरअंदाज करना खतरनाक हो सकता है।

प्रधानमंत्री ने पशु-पक्षियों के प्रति भी संवेदनशीलता दिखाने की अपील की। उन्होंने कहा कि इस प्रचंड गर्मी में हमें अपने आसपास के पशु-पक्षियों को नहीं भूलना चाहिए। घर, बालकनी, छत, दुकान या ऑफिस के बाहर पानी से भरा छोटा-सा बर्तन रखना किसी पक्षी के लिए जीवनदान साबित हो सकता है। उन्होंने लोगों से करुणा और सहानुभूति के साथ एक-दूसरे का ध्यान रखने का आग्रह किया।

देश में नौतपा की शुरुआत के साथ ही राजस्थान, उत्तर प्रदेश, दिल्ली, हरियाणा, मध्य प्रदेश और बिहार सहित कई राज्यों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है। मौसम विभाग ने कई इलाकों में लू का अलर्ट जारी किया है। प्रशासन लोगों को दोपहर के समय घरों में रहने और जरूरी होने पर ही बाहर निकलने की सलाह दे रहा है।

विशेषज्ञों का कहना है कि लगातार बढ़ती गर्मी से डिहाइड्रेशन, चक्कर आना और हीट स्ट्रोक जैसी समस्याएं बढ़ सकती हैं। ऐसे में अधिक पानी पीना, हल्के कपड़े पहनना और धूप से बचाव बेहद जरूरी है। प्रधानमंत्री की अपील ने लोगों को न केवल खुद की सुरक्षा बल्कि समाज और पर्यावरण के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का भी संदेश दिया है।

About Post Author