नोएडा-ग्रेटर नोएडा को मिली ई-बसों की बड़ी सौगात, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वर्चुअली दिखाई हरी झंडी
आईआईएमटी न्यूज, नोएडा। गौतमबुद्ध नगर के लोगों को शुक्रवार को आधुनिक और पर्यावरण अनुकूल सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था की बड़ी सौगात मिली। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नोएडा के सेक्टर-33ए स्थित शिल्प हाट में आयोजित कार्यक्रम के दौरान वर्चुअली ई-बस सेवा का शुभारंभ किया। इसके साथ ही नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में सिटी बस सेवा की शुरुआत हो गई। पहले चरण में 45 वातानुकूलित ई-बसों का संचालन किया जाएगा, जबकि कार्यक्रम के दौरान 11 बसों को विभिन्न रूटों पर रवाना किया गया। इनमें एक डबल डेकर बस भी शामिल है, जो यात्रियों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगी।
कार्यक्रम में गौतमबुद्ध नगर के सांसद डॉ. महेश शर्मा, स्थानीय विधायक और विभिन्न जनप्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश सरकार आधुनिक और स्वच्छ सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को बढ़ावा देने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने बताया कि नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना क्षेत्र में फिलहाल 45 ई-बसें संचालित की जा रही हैं। इसके अलावा उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (UPSRTC) की 110 बसों का संचालन भी शुरू किया जा रहा है। 15 जून तक सभी बसें पूरी क्षमता के साथ सड़कों पर उतर जाएंगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भविष्य में यात्रियों की मांग और जरूरतों को देखते हुए गौतमबुद्ध नगर में चरणबद्ध तरीके से 500 ई-बसों का संचालन किया जाएगा। इससे लोगों को बेहतर, सुरक्षित और प्रदूषण मुक्त परिवहन सुविधा मिलेगी। उन्होंने कहा कि इलेक्ट्रिक बसें पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ ईंधन लागत में कमी लाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।
नई बस सेवा के तहत कई महत्वपूर्ण रूट निर्धारित किए गए हैं। ग्रेटर नोएडा वेस्ट की चारमूर्ति से सेक्टर-52 मेट्रो स्टेशन तक का किराया 20 रुपये रखा गया है। वहीं परी चौक से नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट तक वाया जीबीयू और दनकौर यात्रा करने के लिए यात्रियों को 50 रुपये खर्च करने होंगे। चारमूर्ति से एयरपोर्ट, सूरजपुर से एयरपोर्ट, मकोड़ा से एयरपोर्ट और ईकोटेक-16 से एयरपोर्ट तक भी बस सेवाएं शुरू की गई हैं। नोएडा से बॉटनिकल गार्डन, सेक्टर-62, आरआरटीएस स्टेशन, परी चौक और नोएडा एयरपोर्ट तक सीधी बस सेवा उपलब्ध होगी।
बसों में यात्रियों की सुविधा का विशेष ध्यान रखा गया है। सभी बसें पूरी तरह वातानुकूलित होंगी और इनमें सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। यात्रियों को मोबाइल चार्जिंग की सुविधा भी मिलेगी। प्रत्येक बस में 41 सीटों की व्यवस्था की गई है। सुरक्षा और सुविधा के लिहाज से इन बसों को आधुनिक तकनीक से लैस किया गया है।
हालांकि बस सेवा शुरू होने से ठीक पहले किराए में बदलाव किया गया। पहले न्यूनतम किराया 10 रुपये और अधिकतम 30 रुपये प्रस्तावित था, लेकिन अंतिम समय में इसे बढ़ाकर न्यूनतम 20 रुपये और अधिकतम 50 रुपये कर दिया गया। नए किराया ढांचे के अनुसार 0 से 10 किलोमीटर तक की यात्रा के लिए 20 रुपये, 10 से 30 किलोमीटर तक के लिए 30 रुपये और 30 किलोमीटर से अधिक दूरी के लिए 50 रुपये किराया निर्धारित किया गया है।
इन बसों का संचालन और रखरखाव सेक्टर-90 स्थित बस डिपो से किया जाएगा। यहीं बसों की चार्जिंग और पार्किंग की व्यवस्था होगी। साथ ही बसों की मरम्मत और तकनीकी देखरेख के लिए आधुनिक वर्कशॉप भी विकसित की जा रही है।
नई ई-बस सेवा शुरू होने से नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना सिटी के लाखों यात्रियों को राहत मिलने की उम्मीद है। खासकर नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट, मेट्रो स्टेशनों और प्रमुख आवासीय क्षेत्रों के बीच कनेक्टिविटी बेहतर होगी। सार्वजनिक परिवहन को मजबूत बनाने की दिशा में इसे एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
