अब नहीं जाना पड़ेगा गाजियाबाद, नोएडा में ही तेजी से बनेंगे पासपोर्ट
रोशनी शंकर (ग्रेटर नोएडा)
नोएडा में पासपोर्ट सेवाओं को लेकर बड़ी राहत मिली है। सेक्टर-19 स्थित हेड पोस्ट ऑफिस के पासपोर्ट सेवा केंद्र को आधुनिक सुविधाओं से लैस कर दिया गया है। केंद्र के विस्तार के बाद अब आवेदन और सत्यापन की प्रक्रिया पहले से कहीं अधिक तेज़ और सरल हो गई है। इससे उन लोगों को फायदा मिलेगा जो स्लॉट की कमी और लंबी प्रतीक्षा का सामना कर रहे थे।
केंद्र में एक नई मशीन के साथ अतिरिक्त काउंटर शुरू किए गए हैं, जिससे रोज़ाना स्वीकार होने वाले आवेदन बढ़ गए हैं। अभी जहाँ करीब 90 आवेदन दर्ज हो रहे थे, वहीं कुछ ही समय में इसकी क्षमता बढ़ाकर 250 से अधिक करने की तैयारी है। वरिष्ठ पोस्ट मास्टर मनोज कुमार के अनुसार जल्द ही दो और मशीनें और तीन काउंटर शुरू किए जाएंगे, जिससे कामकाज पाँच गुना तक तेज़ होगा। पहले सीमित अपॉइंटमेंट स्लॉट की वजह से आवेदकों को कई दिनों तक इंतजार करना पड़ता था और अक्सर सत्यापन के लिए गाजियाबाद जाना पड़ता था। लेकिन अब नए काउंटर खुलने से अपॉइंटमेंट मिलना आसान हो गया है और सत्यापन की प्रक्रिया भी यहीं पूरी हो रही है। इससे समय और यात्रा दोनों की बचत हो रही है।
पासपोर्ट सेवा केंद्र के विस्तार से स्थानीय निवासियों को बड़ी सुविधा मिलने जा रही है। आवेदन प्रक्रिया तेज़ होने, कागज़ी कार्य आसान होने और अधिक स्लॉट उपलब्ध होने से लोगों का पासपोर्ट समय पर तैयार हो सकेगा। नोएडा में बढ़ती आबादी और मांग को देखते हुए यह कदम बेहद उपयोगी माना जा रहा है।
