रोशनी शंकर। ( ग्रेटर नोएडा )
दिल्ली में एक नए वायरस ने दस्तक दी है। जिसका नाम H3N2 है। दिल्ली के प्रदूषण के साथ ही अब यह वायरस लोगों की नई मुसीबत बन गया है। इस वायरस का असर बुजुर्गों और बच्चों पर हो रहा है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि, H3N2 वायरस इन्फ्लूएंजा-ए का एक प्रकार है और काफी तेजी से फैलता है।
हालांकि यह वायरस किसी को भी संक्रमित कर सकता है, लेकिन कुछ वर्गों में इसका खतरा ज्यादा है। इनमें 65 वर्ष से अधिक उम्र के बुजुर्ग, पांच साल से कम उम्र के बच्चे, गर्भवती महिलाएं, मोटापे से ग्रस्त लोग और अस्थमा, डायबिटीज, हृदय, किडनी या लिवर की बीमारियों से पीड़ित मरीज शामिल हैं। डॉक्टरों ने सलाह दी है कि इन वर्गों को फ्लू वैक्सीन जरूर लगवानी चाहिए और लक्षण दिखने पर तुरंत चिकित्सकीय परामर्श लेना चाहिए।
लक्षण क्या हैं?
H3N2 फ्लू के लक्षण सामान्य जुकाम से अधिक गंभीर हो सकते हैं और अचानक शुरू होते हैं। इनमें तेज बुखार, सूखी खांसी, गले में खराश, सिरदर्द, शरीर में दर्द, थकान, बहती नाक, छींक और आंखों से पानी आना शामिल है। बच्चों में उल्टी और दस्त के मामले भी देखे जा रहे हैं।
कितने दिनों में ठीक होता है?
विशेषज्ञों के अनुसार, स्वस्थ व्यक्ति आमतौर पर 5 से 7 दिनों में ठीक हो सकता है। हालांकि कुछ मरीजों को पूरी तरह से ठीक होने में 10 दिन तक का समय लग सकता है, खासकर खांसी और थकान लंबे समय तक बनी रह सकती है।
स्वास्थ्य विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि भीड़भाड़ वाली जगहों पर जाने से बचें, मास्क का उपयोग करें और हाथों की साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखें।

