मॉर्निंग वॉक या इवनिंग वॉक, वजन घटाने के लिए सबसे ज्यादा क्या फायदेमंद ?
रोशनी शंकर (ग्रेटर नोएडा)
आजकल फिटनेस के प्रति जागरूकता बढ़ रही है और लोग वॉक को हेल्दी लाइफस्टाइल का हिस्सा बना रहे हैं। लेकिन अक्सर यह सवाल सामने आता है कि मॉर्निंग वॉक ज्यादा फायदेमंद है या शाम की वॉक? विशेषज्ञों के अनुसार, दोनों समय किए गए वॉक के फायदे अलग हैं और इन्हें व्यक्ति के लक्ष्य और दिनचर्या के अनुसार चुना जा सकता है। इसलिए सही समय वही है जो नियमित रूप से निभाया जा सके।
सुबह की वॉक शरीर के मेटाबॉलिज्म को सक्रिय करती है, जिससे पूरे दिन कैलोरी बर्न होने की प्रक्रिया तेज रहती है। फास्टेड स्टेट में चलने से फैट ऊर्जा के रूप में जल्दी उपयोग होता है, जिससे वजन नियंत्रित करने में मदद मिलती है। इसके अलावा, मॉर्निंग वॉक से मूड बेहतर होता है और दिन ऊर्जा के साथ शुरू होता है, इसलिए इसे लंबे समय तक फॉलो करना आसान माना जाता है।दूसरी ओर, शाम की वॉक खासकर उन लोगों के लिए लाभकारी है जिन्हें ब्लड शुगर या डाइजेशन की समस्या होती है। खाने के बाद 10 से 30 मिनट की हल्की वॉक ग्लूकोज स्पाइक्स को कम कर सकती है और डिनर के बाद भूख लगने या स्नैकिंग की आदत को भी नियंत्रित करती है। शाम की वॉक तनाव कम करती है और बेहतर नींद में भी मदद करती है, इसलिए इसे मानसिक स्वास्थ्य के लिए भी कारगर माना जाता है।
कुल मिलाकर, रिसर्च के नतीजे बताते हैं कि वजन कम करने के लिए सुबह की वॉक थोड़ी प्रभावी मानी जाती है, जबकि शुगर कंट्रोल और तनाव कम करने के लिए शाम की वॉक बेहतर है। हालांकि, असली फायदा तभी मिलता है जब वॉक नियमित की जाए, समय चाहे जो भी हो। इसलिए सबसे सही समय वही है जब आप इसे लगातार जारी रख सकें और इसे अपनी लाइफस्टाइल का हिस्सा बना सकें।
डिस्क्लेमर: यह आर्टिकल केवल सामान्य जानकारी के उद्देश्य से लिखा गया है। किसी भी तरह की समस्या या सवाल के लिए हमेशा अपने डॉक्टर की सलाह लें।
