Site icon IIMT NEWS, Hindi news, हिंदी न्यूज़ , Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, Breaking News in Hindi, ताजा ख़बरें

सर्दियों में जुकाम का कारण ठंड या वायरस, जानिए असल वजह

रोशनी शंकर (ग्रेटर नोएडा)

अक्सर जब लोगों को जुकाम होता है तो आमतौर पर हमें लगता है कि सर्दी के कारण ऐसा हुआ, लेकिन हकीकत इससे कुछ अलग है। वैज्ञानिकों और स्वास्थ्य विशेषज्ञों के मुताबिक, सर्दियों में होने वाला जुकाम ठंड से नहीं बल्कि वायरस की वजह से होता है।

डॉक्टरों का कहना है कि जुकाम का मुख्य कारण राइनोवायरस (Rhinovirus) नामक वायरस होता है। इसके अलावा एडेनोवायरस और इंफ्लुएंजा वायरस भी सर्दी-जुकाम फैलाने में भूमिका निभाते हैं। ये वायरस खांसने, छींकने या संक्रमित व्यक्ति के संपर्क में आने से एक से दूसरे व्यक्ति तक पहुँच जाते हैं। ठंडा मौसम सीधे तौर पर बीमार नहीं करता, लेकिन यह हमारे शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता को थोड़ा कमजोर कर देता है। इसके साथ ही लोग ठंड में ज़्यादा समय घरों या बंद जगहों में बिताते हैं, जिससे वायरस के फैलने की संभावना कई गुना बढ़ जाती है।विशेषज्ञ बताते हैं कि ठंडी हवा में नाक की झिल्ली सूख जाती है, जिससे वायरस के शरीर में प्रवेश करने का रास्ता आसान हो जाता है। साथ ही, सर्दियों में धूप कम मिलने से विटामिन D का स्तर भी घटता है, जो प्रतिरक्षा तंत्र को कमजोर कर सकता है।

जुकाम होने पर हमें अतिरिक्त सावधानी बरतनी चाहिए। जिसमें डॉक्टरों का कहना है कि, जुकाम होने पर गर्म पानी पीएं, हाथों को बार-बार धोएं, भीड़भाड़ से बचें और शरीर को गर्म रखें। साथ ही, पर्याप्त नींद और संतुलित आहार भी जरूरी है।

डिस्क्लेमर: यह आर्टिकल केवल सामान्य जानकारी के उद्देश्य से लिखा गया है। किसी भी तरह की समस्या या सवाल के लिए हमेशा अपने डॉक्टर की सलाह लें।

Exit mobile version