इंटर कॉलेज क्रिकेट प्रतियोगिता में आईआईएमटी बना विजेता
राजतिलक शर्मा
( ग्रेटर नोएडा) दिल्ली स्थित रामानुज कॉलेज में सातवीं डॉ. प्रेम जैन अंतर महाविद्यालयीय क्रिकेट प्रतियोगिता का भव्य एवं सफल आयोजन किया गया। यह प्रतियोगिता आश्रे इंडिया चैप्टर के तत्वावधान में आयोजित की गई, जिसमें देश के प्रतिष्ठित तकनीकी एवं शैक्षणिक संस्थानों की टीमों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
इस प्रतियोगिता में कुल सात क्रिकेट टीमों ने भाग लिया। इनमें
दिल्ली प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय,
अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय,
आईआईएमटी कॉलेज ऑफ़ इंजीनियरिंग, एबीईएस महाविद्यालय गाजियाबाद,
महाराजा अग्रसेन प्रौद्योगिकी संस्थान,
पुसा प्रौद्योगिकी संस्थान
तथा द्रोणाचार्य महाविद्यालय, ग्रेटर नोएडा शामिल रहे।
रोमांचक और कड़े मुकाबलों के बाद आईआईएमटी कॉलेज ऑफ़ इंजीनियरिंग और अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय की टीमें अंतिम मुकाबले में पहुंचीं। अंतिम मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए आईआईएमटी कॉलेज ऑफ़ इंजीनियरिंग की टीम ने दो विकेट के नुकसान पर 75 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करते हुए अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय की टीम चार विकेट खोकर केवल 42 रन ही बना सकी। इस प्रकार आईआईएमटी कॉलेज ऑफ़ इंजीनियरिंग ने 33 रनों से अंतिम मुकाबला जीतकर प्रतियोगिता का खिताब अपने नाम किया। टीम की इस शानदार विजय पर आईआईएमटी कॉलेज समूह के प्रबंध निदेशक डॉ. मयंक अग्रवाल ने विजेता खिलाड़ियों को हार्दिक बधाई दी तथा उन्हें अपना आशीर्वाद एवं शुभकामनाएँ प्रदान कीं। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की उपलब्धियाँ विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और खेल भावना को सुदृढ़ करती हैं।
