नोएडा में चलती गाड़ी में लगी आग, बीच सड़क पर जल गई गाड़ी, कोई जान हानि नहीं
मीनाक्षी आईआईएमटी न्यूज नोएडा के थाना सेक्टर-39 क्षेत्र में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई। सेक्टर-104 रेड लाइट से जा रही एक वैगनआर टैक्सी में अचानक आग लग गई। यह घटना सेक्टर-100 विला के सामने हुई, जब टैक्सी सड़क पर चल रही थी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टैक्सी में आग लगने की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और राहगीर मदद के लिए दौड़े। सूचना पर तत्काल फायर ब्रिगेड को बुलाया गया। फायर ब्रिगेड की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का काम शुरू किया। फायर ब्रिगेड ने समय पर आग पर काबू पा लिया और आग को फैलने से रोका जा सका।यह राहत की बात है कि इस घटना में किसी भी यात्री या आसपास के लोगों को कोई चोट नहीं आई है। टैक्सी में सवार यात्री सुरक्षित बाहर निकलने में कामयाब रहे। आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है और पुलिस व फायर विभाग मामले की जांच कर रहे हैं।
