NEET Re-Exam 2026: दिल्ली में अभिभावकों के लिए बनेंगे कूलिंग जोन, रेखा सरकार की अनोखी पहल

सचिन राय, आईआईएमटी न्यूज, नई दिल्ली। 21 जून को होने वाली राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET Re-Exam 2026) के मद्देनजर दिल्ली सरकार ने एक अनूठी और मानवीय पहल की घोषणा की है। पहली बार परीक्षा केंद्रों पर केवल परीक्षार्थियों ही नहीं, बल्कि उनके साथ आने वाले अभिभावकों और परिजनों की सुविधा के लिए विशेष कूलिंग जोन बनाए जाएंगे। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि सरकार का उद्देश्य परीक्षा से जुड़े हर व्यक्ति के अनुभव को बेहतर बनाना है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि दिल्ली में नीट परीक्षा के लिए कुल 97 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इनमें 69 सरकारी विद्यालय और 28 केंद्रीय विद्यालय शामिल हैं। इन सभी केंद्रों के आसपास जिला प्रशासन द्वारा विशेष कूलिंग जोन स्थापित किए जाएंगे, जहां अभिभावकों को भीषण गर्मी से राहत देने के लिए बैठने, विश्राम करने और पेयजल की समुचित व्यवस्था होगी।

रेखा गुप्ता ने कहा कि हर वर्ष लाखों परिवार अपने बच्चों के भविष्य की उम्मीदों के साथ परीक्षा केंद्रों तक पहुंचते हैं। परीक्षा के दौरान छात्र तो केंद्र के भीतर रहते हैं, लेकिन उनके माता-पिता कई घंटों तक बाहर इंतजार करते हैं। अक्सर उन्हें धूप, गर्मी और असुविधा का सामना करना पड़ता है। इसी समस्या को ध्यान में रखते हुए दिल्ली सरकार ने यह विशेष व्यवस्था करने का निर्णय लिया है।

सरकार के अनुसार कूलिंग जोन में अभिभावकों के लिए आरामदायक बैठने की व्यवस्था के साथ स्वच्छ पेयजल, शिकंजी, ओआरएस, चाय और प्राथमिक चिकित्सा जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इसके अलावा जरूरत पड़ने पर स्वास्थ्य सहायता भी उपलब्ध रहेगी। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि परीक्षा के दिन किसी भी केंद्र पर अभिभावकों को परेशानी का सामना न करना पड़े।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अब तक अक्सर देखा जाता था कि परीक्षा के दौरान अभिभावक पेड़ों की छांव, पार्कों या आसपास के बाजारों में समय बिताने को मजबूर होते थे। कई लोगों को घंटों गर्मी में खड़ा रहना पड़ता था। नई व्यवस्था के बाद उन्हें परीक्षा केंद्रों के निकट ही सुरक्षित और सुविधाजनक स्थान मिलेगा।

उन्होंने कहा कि जब अभिभावक तनावमुक्त और सहज रहेंगे तो इसका सकारात्मक प्रभाव विद्यार्थियों पर भी पड़ेगा। छात्र अधिक आत्मविश्वास और एकाग्रता के साथ परीक्षा दे सकेंगे। सरकार का मानना है कि परीक्षा केवल छात्रों की नहीं, बल्कि पूरे परिवार की भावनाओं और उम्मीदों से जुड़ी होती है।

रेखा गुप्ता ने बताया कि दिल्ली सरकार पहले से ही भीषण गर्मी से लोगों को राहत देने के लिए व्यापक कदम उठा रही है। राजधानी में 85 शेड स्थापित किए गए हैं, 15 कूलिंग जोन संचालित हो रहे हैं और 13 मोबाइल हीट रिलीफ वैन विभिन्न इलाकों में सेवाएं दे रही हैं। नीट परीक्षा के दौरान अभिभावकों के लिए की गई विशेष व्यवस्था इसी जनकल्याणकारी सोच का हिस्सा है।

मुख्यमंत्री ने सभी अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि दिल्ली सरकार शिक्षा और युवाओं के भविष्य को सर्वोच्च प्राथमिकता देती है। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह पहल अन्य राज्यों के लिए भी उदाहरण बनेगी और भविष्य में देशभर में बड़ी परीक्षाओं के दौरान अभिभावकों की सुविधाओं को भी समान महत्व दिया जाएगा।

About Post Author